सोनीपत के ककरोई रोड पर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की क्षतिग्रस्त हो चुकी सीवरेज लाइन के समानांतर डाली जा चुकी नयी लाइन को अस्थाई पंप डालकर शुरू किया जायेगा ताकि बरसात में गोहाना रोड की कॉलोनियों में सीवरेज जाम एवं जलभराव की समस्या का समाधान हो सके।
नगर निगम अधिकारियों एवं ठेकेदार की टीम लेकर मेयर राजीव जैन ने एक-एक मेनहोल खुलवाकर पानी का स्तर चेक करवाया और जिस हिस्से में लाइन पूरी तरह बैठ चुकी है, उससे आगे मोटर डालकर नयी लाइन में पंप से पानी डालने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था सेक्टर-23 में निर्माणाधीन डिस्पोजल का कार्य पूरा होने तक की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाईपास लाइन डालने का कार्य दो दिन में पूरा किया जाये।
राजीव जैन ने मेनहोल की गाद निकलवाई
इस दौरान सोमवार रात को मशीनें लगवाकर लगवाकर मेनहोल की गाद निकलवाई ताकि थोड़ा बहुत पानी चलना शुरू हो सके। मेयर जैन ने बताया कि सोमवार स्वयं रात 11 बजे मौके पर पहुंचकर सफाई कार्य का निरीक्षण किया। इसी तरह दयाल चौक से गीता भवन रोड पर भी सीवर जाम की समस्या के समाधान के लिए सुपर सकर मशीन लगवाई और मेनहोल साफ करवाए।
इस अवसर पर कार्यकारी अभियंता राहुल पूनिया, उपमंडल अभियंता मंजीत दहिया, कनिष्ठ अभियंता विकास आदि भी मौजूद रहे।
