Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

गुरु पुष्य अमृत योग आज: धन, समृद्धि और शुभ कार्यों के लिए बेहद खास माना जाता है यह महासंयोग

Guru Pushya Yoga 2026: आज गुरु पुष्य अमृत योग का विशेष महासंयोग बना हुआ है, जिसे ज्योतिष शास्त्र में अत्यंत शुभ और फलदायी माना जाता है। यानी आज के दिन पुष्य नक्षत्र है और दिन गुरुवार है।

गुरुवार और पुष्य नक्षत्र का जब योग बनता है तो इसे गुरु पुष्य योग कहते हैं।

धार्मिक मान्यता है कि इस दिन देवी लक्ष्मी और देवगुरु बृहस्पति की विशेष कृपा प्राप्त होती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस शुभ मुहूर्त में किए गए पूजा-पाठ, दान और मंत्र साधना से धन, सुख-समृद्धि और जीवन की बाधाओं से मुक्ति मिलती है।

 आचार्य ज्योतिर्विद सुनील किमोठी।

जीरकपुर के वीआईपी रोड स्थित शिव दुर्गा मंदिर निर्मल छाया के आचार्य ज्योतिर्विद सुनील किमोठी के अनुसार गुरु पुष्य अमृत योग पर कनकधारा स्तोत्र और श्रीसूक्त का पाठ विशेष फलदायी माना गया है। उन्होंने बताया कि लाल आसन पर बैठकर माता लक्ष्मी के समक्ष इन स्तोत्रों का पाठ करने से आर्थिक परेशानियां दूर होती हैं और रुका हुआ धन वापस मिलने की संभावना बढ़ती है।

उन्होंने केले के पेड़ की पूजा का भी विशेष महत्व बताया। मंदिर में जाकर केले की जड़ में जल अर्पित करना, हल्दी से स्वास्तिक बनाना और गुड़-चना अर्पित करना शुभ माना गया है। साथ ही केले के पेड़ की सात परिक्रमा कर लाल मौली बांधने से आर्थिक उन्नति के मार्ग खुलते हैं।

आचार्य किमोठी ने बताया कि इस दिन घर के मुख्य द्वार पर हल्दी और कुमकुम से स्वास्तिक बनाना तथा पूजा घर में दक्षिणावर्ती शंख स्थापित कर पूजा करने से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

देवगुरु बृहस्पति को प्रसन्न करने के लिए पीले वस्त्र पहनकर हल्दी की माला से "ॐ बृं बृहस्पतये नमः" मंत्र का 108 बार जाप करने की सलाह दी गई है। वहीं भगवान विष्णु को पंचामृत और तुलसी दल अर्पित करने तथा माता लक्ष्मी को मखाने की खीर का भोग लगाने से वैवाहिक और पारिवारिक जीवन में सुख-शांति आती है।

चूंकि पुष्य नक्षत्र के स्वामी शनि देव माने जाते हैं, इसलिए "ॐ शं शनैश्चराय नमः" मंत्र का जाप भी विशेष लाभकारी बताया गया है। इससे कुंडली दोष और जीवन की बड़ी बाधाओं में राहत मिलने की मान्यता है।

उन्होंने कहा कि गुरु पुष्य अमृत योग पर हल्दी, चने की दाल, पीले फल और सोने जैसी वस्तुओं का दान अत्यंत शुभ माना जाता है। इसके अलावा गाय, पक्षियों और जरूरतमंदों की सेवा करने से पुण्य फल की प्राप्ति होती है। ज्योतिषाचार्य के अनुसार नया व्यापार शुरू करने, संपत्ति खरीदने या किसी बड़े निवेश एवं वित्तीय निर्णय के लिए भी यह दिन बेहद शुभ माना जाता है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik Tribune Hindi