जनप्रतिनिधियों ने युवाओं को दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश
'नशा मुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प' अभियान के तहत रविवार को हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई में नशामुक्ति का सामूहिक संकल्प लिया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े हरियाणा खेल विश्वविद्यालय और मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय के विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज को जागरूक करने की शपथ ली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के 28 हजार से अधिक स्थानों से जुड़े एक करोड़ से ज्यादा विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशामुक्त युवा ही स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल और राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विधायक निखिल मदान, विधायक कृष्णा गहलावत तथा मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेंद्र सिंह बढ़खालसा मौजूद रहे। विधायक निखिल मदान ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा देश की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज को भी इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि खेल, शिक्षा और नैतिक मूल्यों को अपनाकर ही नशामुक्त भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। हरियाणा खेल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अशोक कुमार ने कहा कि मादक पदार्थों का अवैध कारोबार आतंकवाद के वित्तपोषण का भी प्रमुख माध्यम है। इसलिए प्रत्येक युवा का नशे से दूर रहना केवल उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए ही नहीं, बल्कि राष्ट्र की सुरक्षा, समृद्धि और विकसित भारत के संकल्प के लिए भी आवश्यक है।
