Haryana Health Minister Surprise Visit : हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव के अचानक रोहतक पीजीआई पहुंचने से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। उनका अंदाज एकदम एक्शन वाला रहा। अस्पताल पहुंचते ही उन्होंने मरीजों के रजिस्ट्रेशन में आ रही दिक्कतें देखीं और तुरंत दूसरी विंडो खुलवा दी।
अस्पताल में दवाइयों की कमी पर मंत्री ने सख्त एतराज जताया। उन्होंने कहा कि जब सरकार 540 तरह की दवाइयां दे रही है, तो मरीजों को ये क्यों नहीं मिल रही हैं? उन्होंने इसके पीछे प्रशासनिक खामियां होना माना। निरीक्षण में शौचालयों की हालत भी बेहद खराब मिली। खून की जांच को लेकर भी उन्होंने अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
बाहर से सामान मंगवाने पर होगी जांच
मरीजों ने मंत्री को शिकायत दी कि उन्हें ऑपरेशन का सामान बाहर से खरीदना पड़ रहा है। इस पर आरती राव ने सख्त ऐतराज जताया। उन्होंने इसे पूरी तरह गलत बताते हुए मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
जल्द होगी 450 डॉक्टरों की भर्ती
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि राज्य में डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए 450 डॉक्टरों की भर्ती की फाइल भेजी जा चुकी है। दौरे के बाद उन्होंने दो टूक कहा कि पीजीआई में आज सामने आए सभी मामलों की निष्पक्ष जांच की जाएगी।
