Haryana Monsoon Session: हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले कांग्रेस विधायकों ने सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस के सभी विधायक काले कपड़े पहनकर विधानसभा पहुंचे और हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
विधायकों ने विधानसभा के गेट पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान सुरक्षा कर्मचारियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद गेट पर कुछ देर के लिए धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। बाद में कांग्रेस विधायक नारेबाजी करते हुए विधानसभा परिसर में प्रवेश करते नजर आए।
पोस्टरों के जरिए सरकार पर निशाना
कांग्रेस विधायकों के हाथों में अलग-अलग मुद्दों को लेकर पोस्टर और तख्तियां थीं। इनमें 'लोकतंत्र में वोट चोरी बंद करो', 'शिक्षा और रोजगार में पेपर चोरी व पेपर लीक बंद करो' और 'मंदिरों में चंदा चोरी बंद करो' जैसे नारे लिखे थे।
कांग्रेस ने विधानसभा के मानसून सत्र में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी की है। पार्टी की ओर से सत्र के पहले दिन ही विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा की मांग की जा सकती है।
सत्र में हंगामे के आसार
मानसून सत्र की शुरुआत से पहले हुए इस प्रदर्शन से संकेत हैं कि सदन के भीतर भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है। कांग्रेस विधायक सरकार की नीतियों और विभिन्न मुद्दों को लेकर जवाब मांगने की तैयारी में हैं।
विपक्ष की ओर से बेरोजगारी, शिक्षा, कानून-व्यवस्था और कथित भ्रष्टाचार के मुद्दों को प्रमुखता से उठाए जाने की संभावना है। ऐसे में विधानसभा सत्र के दौरान हंगामे के आसार बने हुए हैं।
