हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के बंजार उपमंडल में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां सोझा और घ्यागी के बीच एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर गहरे नाले में जा गिरी। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, इस वाहन में करीब 15 से 18 लोग सवार बताए जा रहे हैं।
इस भीषण हादसे में कई पर्यटकों के हताहत होने की आशंका है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक किसी भी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि वाहन में सवार सभी पर्यटक दिल्ली और हरियाणा के रहने वाले थे।
हादसे की सूचना मिलते ही कुल्लू जिला और पुलिस प्रशासन की टीमें मौके के लिए रवाना हो गई हैं। रात का समय और दुर्गम क्षेत्र होने के कारण बचाव कार्य में काफी परेशानी आ रही है।
रेस्क्यू के लिए विधायक की अपील
हादसे की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय विधायक ने तुरंत सोशल मीडिया पर लाइव आकर लोगों से मदद की गुहार लगाई। उन्होंने जिभी, घ्यागी और सोझा के आसपास के सभी ग्रामीणों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द घटनास्थल पर पहुंचे और प्रशासन के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद करें। उन्होंने कहा कि स्थिति बेहद गंभीर है और घायलों को तुरंत राहत पहुंचाने की आवश्यकता है।
अस्पतालों में डॉक्टरों को अलर्ट
विधायक ने बंजार प्रशासन और पुलिस के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग को भी पूरी तरह से मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बंजार और कुल्लू अस्पताल के डॉक्टरों को तुरंत ड्यूटी पर पहुंचने को कहा है, ताकि रेस्क्यू किए गए घायलों को बिना किसी देरी के चिकित्सा सुविधा मिल सके। खबर लिखे जाने तक प्रशासन और स्थानीय लोग नाले में गिरी ट्रैवलर तक पहुंचने और पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में जुटे हुए थे।
