Dailyhunt

India-US Trade : भारत-अमेरिका व्यापार को नई रफ्तार, AI सहयोग पर होगी बड़ी चर्चा

India-US Trade : भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने यहां अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक से मुलाकात की और दोनों देशों के लिए वाणिज्यिक रूपरेखा एवं अमेरिकी उत्पादों के लिए 1.4 अरब लोगों की आबादी वाले भारतीय बाजार को खोलने पर चर्चा की।

गोर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने लुटनिक के साथ एक नए समझौता ज्ञापन पर चर्चा की जिसका उद्देश्य भारत के एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) पैमाने को अमेरिकी एआई परिवेशी तंत्र से जोड़ना है और साथ ही यहां होने वाले आगामी ‘सेलेक्ट यूएसए शिखर सम्मेलन’ में भारत की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करना है।

गोर ने मंगलवार को एक पोस्ट में कहा, ”अमेरिका-भारत वाणिज्यिक रूपरेखा पर मंत्री हॉवर्ड लुटनिक के साथ सार्थक बैठक हुई। हमने भारत की एआई क्षमता को अमेरिकी एआई परिवेशी तंत्र से जोड़ने वाले एक नए समझौता ज्ञापन, आगामी ‘सेलेक्ट यूएसए शिखर सम्मेलन’ में भारत की मजबूत भागीदारी एवं प्रतिस्पर्धा बढ़ाने तथा आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करने के लिए अमेरिका में भारतीय फार्मा कंपनियों के बढ़ते निवेश पर चर्चा की।” एक अलग पोस्ट में अमेरिकी वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि लुटनिक और गोर 1.4 अरब लोगों वाले भारतीय बाजार को अमेरिकी उत्पादों के लिए खोलने पर काम कर रहे हैं।

अमेरिकी वाणिज्य मंत्रालय ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”आज, मंत्री लुटनिक ने राष्ट्रपति ट्रंप के ऐतिहासिक अमेरिका-भारत व्यापार समझौते को आगे बढ़ाते हुए भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर से मुलाकात की। हम मिलकर 1.4 अरब लोगों वाले भारतीय बाजार को अमेरिकी उत्पादों के लिए खोलने और 500 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक के अमेरिकी निर्यात को सुरक्षित करने के लिए काम कर रहे हैं।” गोर ने कहा कि उनकी मुलाकात यूएस इंटरनेशनल डेवलपमेंट फाइनेंस कॉरपोरेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बेन ब्लैक और डिप्टी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच से भी हुई।

गोर ने कहा, ”मैंने डीएफसी के सीईओ बेन ब्लैक से मुलाकात की तथा बुनियादी ढांचे, विकास और निजी क्षेत्र के अवसरों को बढ़ावा देने वाली अमेरिका-भारत निवेश साझेदारी के विस्तार पर अच्छी चर्चा की। बेन शानदार काम कर रहे हैं।” भारत में अमेरिका के राजदूत ने कहा, ”अपने मित्र डीएजी टॉड ब्लैंच से मिलकर और उन्हें दक्षिण एवं पश्चिम एशिया में अपने काम की जानकारी देकर हमेशा अच्छा लगता है। राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व में हम जो कुछ भी करते हैं, उसका उद्देश्य सर्वप्रथम अमेरिकी जनता की सेवा करना और यह सुनिश्चित करना है कि हमारी विदेश नीतियां अमेरिका को अधिक सुरक्षित और मजबूत बनाएं।”

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik Tribune Hindi