Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

इंटर्न-उत्सव-2026: 600 से अधिक छात्रों को समर इंटर्नशिप

145 कंपनियों की भागीदारी, 6000 से ज्यादा इंटरव्यू; गुजविप्रौवि बना इंडस्ट्री-एकेडमिक सेतु

गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (गुजविप्रौवि) में आयोजित 'इंटर्न-उत्सव-2026' के तहत 600 से अधिक विद्यार्थियों का समर इंटर्नशिप के लिए चयन हुआ है।

इस उपलब्धि पर स्वयंसेवकों के सम्मान में आयोजित अभिनंदन समारोह में विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों के प्रयासों की सराहना की। चौधरी रणबीर सिंह ऑडिटोरियम के सेमिनार हॉल-2 में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई मुख्य अतिथि रहे, जबकि तकनीकी सलाहकार (एचआरएम) प्रो. संदीप राणा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्लेसमेंट निदेशक डॉ. प्रताप सिंह ने की।

इस मौके पर कुलपति ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व, टीमवर्क और संगठनात्मक कौशल को विकसित करते हैं। उन्होंने इंटर्न-उत्सव को छात्रों और उद्योग जगत के बीच सेतु बताते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव और रोजगार के बेहतर अवसर मिलते हैं। प्रो. संदीप राणा ने वॉलंटियरिज्म को युवाओं में आत्मविश्वास और जिम्मेदारी बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बताया।

इस दौरान करीब 100 छात्र स्वयंसेवकों को मीडिया, डेटा, रजिस्ट्रेशन, रिक्रूटर्स आउटरीच, इंटर्नशिप प्लेटफॉर्म, कोलैबोरेशन और लॉजिस्टिक्स टीमों में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। प्लेसमेंट निदेशक डॉ. प्रताप सिंह के अनुसार, इस आयोजन में 145 कंपनियों ने भाग लिया, जिनमें 85 ऑफलाइन और 60 ऑनलाइन शामिल रहीं।

2000 से अधिक छात्रों ने भागीदारी की और 6000 से ज्यादा इंटरव्यू आयोजित हुए। अब तक 60 कंपनियों में 600 से अधिक छात्रों का चयन हो चुका है, जबकि यह आंकड़ा 1000 तक पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम के अंत में स्वयंसेवकों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। ओवरऑल कोऑर्डिनेटर नवीन ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया, जबकि मंच संचालन किरण और अमन यादव ने किया।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik Tribune Hindi