Dailyhunt

IPL 2026 : हार-जीत के बीच क्लासेन का आत्मविश्वास, बोले- टीम संभल जाएगी, हमें अच्छा प्रदर्शन करना होगा

IPL 2026 : दक्षिण अफ्रीका के आक्रामक बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने उम्मीद जताई कि सनराइजर्स हैदराबाद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के वर्तमान सत्र में अच्छी शुरुआत नहीं करने के बावजूद आगे खेल के सभी विभागों में अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहेगा।

सनराइजर्स को अपने पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा था लेकिन इसके बाद उसने कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रन से हराया। पिछले मैच में हालांकि उसे लखनऊ सुपर जायंट्स ने पांच विकेट से करारी शिकस्त दी।

क्लासेन ने जिओ हॉटस्टार से कहा कि हमारी बल्लेबाजी अब तक ठीकठाक रही है, लेकिन हमने तीन मैचों में लगभग 40 रन कम बनाए। हमें बल्लेबाजी में और सुधार करने की जरूरत है। जिन दो मैचों में हमें संघर्ष करना पड़ा, उनमें हमने बल्ले से अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। हमारे गेंदबाजों विशेषकर तेज गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। हमें 220-230 रन बनाने होंगे ताकि हमारे गेंदबाजों को लक्ष्य का बचाव करने का मौका मिल सके। हमारी फील्डिंग अच्छी नहीं रही है और इससे हमारा प्रदर्शन प्रभावित हुआ है। मैं अभी तक हमें 10 में से छह अंक दूंगा। हमने कुछ चरणों में शानदार क्रिकेट खेली लेकिन खेल के महत्वपूर्ण मौकों पर चूक गए।

क्लासेन ने कहा कि हमारे गेंदबाजों ने रणनीति के अनुसार गेंदबाजी की है, लेकिन हमारी फील्डिंग में सुधार की जरूरत है। हमें कैच लेने होंगे। हमें खेल के तीनों विभाग में सुधार करके अपनी लय बनानी होगी। क्लासेन ने पिछले साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया था और अब केवल फ्रेंचाइजी लीग में ही खेल रहे हैं। उन्होंने पिछले दो मैचों में अर्धशतक बनाए और वह अपनी फॉर्म से खुश हैं। दुर्भाग्यवश हम दो मैच हार गए, लेकिन व्यक्तिगत तौर पर मेरे लिए यह अच्छी शुरुआत रही है। यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि मैं इन दिनों ज्यादा क्रिकेट नहीं खेल रहा हूं। मैं अपनी इस फॉर्म को बरकरार रखना चाहूंगा।

वह बल्लेबाजी क्रम में चौथे नंबर पर अपनी भूमिका और जिम्मेदारियों का भी आनंद ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह (नंबर चार पर बल्लेबाजी करना) की भूमिका मैंने अपने पूरे करियर में निभाई है। इसमें आपको परिस्थितियों के अनुसार ढलना पड़ता है। टीम में मेरी भूमिका यह है कि अगर (ईशान) किशन, अभिषेक (शर्मा) और ट्रैविस हेड अच्छा प्रदर्शन कर रहे हो तब भी मैं अपना स्वाभाविक खेल खेलता रहूं। प्रत्येक मैच में अलग परिस्थितियां होंगी और मुझे बस उनके अनुसार ढलना होगा।

सनराइजर्स अपना अगला मैच शनिवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ न्यू चंडीगढ़ में खेलेगा। क्लासेन ने स्वीकार किया कि सनराइजर्स को पैट कमिंस की कमी खल रही है, जो अपनी पीठ की चोट का स्कैन कराने के लिए स्वदेश लौट गए हैं। उन्होंने कहा कि पैट की कमी बहुत खल रही है। उनके पास बहुत अनुभव है लेकिन ईशान कप्तानी की भूमिका अच्छी तरह से निभा रहे हैं। मुझे नहीं लगता कि यह कोई चिंता का विषय है। हमारी टीम अच्छी स्थिति में है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik Tribune Hindi