Dailyhunt

IPL 2026 : श्रेयस अय्यर का जलवा, पंजाब किंग्स ने चेन्नई के किले में लहराया जीत का परचम; 5 विकेट से हराया

IPL 2026 : कप्तान श्रेयस अय्यर के शानदार और संतुलित अर्धशतक की मदद से पंजाब किंग्स ने आईपीएल के मैच में शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स को पांच विकेट से हराया। श्रेयस ने 29 गेंद में 50 रन बनाए और निहाल वढेरा के साथ चौथे विकेट के लिए 59 रन की अहम साझेदारी की।

पंजाब ने 210 रन का लक्ष्य आठ गेंद बाकी रहते 5 विकेट खोकर हासिल करते हुए लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

चेन्नई की यह लगातार दूसरी हार थी। पंजाब के शीर्षक्रम के बल्लेबाजों ने विशाल लक्ष्य के बावजूद संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए अच्छी शुरूआत दी। प्रियांश आर्य ने 11 गेंद में 39 , प्रभसिमरन सिंह ने 34 गेंद में 43 और कूपर कोनोली ने 22 गेंद में 36 रन बनाए। आर्य ने चेन्नई के गेंदबाजों को दबाव में ला दिया। खलील अहमद को उन्होंने एक चौका और एक छक्का लगाया। मैट हेनरी को उनके पहले ही ओवर में दो चौके और एक छक्का लगाकर 20 रन निकाले। आर्य और प्रभसिमरन ने सिर्फ 4 . 2 ओवर में 61 रन की साझेदारी की।

वहीं कप्तान श्रेयस ने धीमी शुरूआत करने के बाद हाथ खोलने शुरू किए। उन्होंने स्पिनरों की जमकर धुनाई की और लेग स्पिनर राहुल चाहर को शानदार छक्का लगाया। श्रेयस ने अंशुल कम्बोज को चौका लगाकर 26 गेंद में अर्धशतक पूरा किया, लेकिन इसी गेंदबाज की गेंद पर विकेट गंवा बैठे। अगले ओवर में हेनरी ने वढेरा को पवेलियन भेजा, लेकिन तब तक पंजाब की जीत औपचारिकता मात्र बची थी।

इससे पहले आयुष म्हात्रे के 43 गेंद में 73 रन की मदद से चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी के लिए भेजे जाने पर पांच विकेट पर 209 रन बनाए। संजू सैमसन (सात) के जल्दी आउट होने के बाद म्हात्रे ने कप्तान रूतुराज गायकवाड़ (28) के साथ दूसरे विकेट के लिए 96 रन की साझेदारी की। सैमसन ने जेवियर बार्टलेट की आउटस्विंगर पर कवर में शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन विकेट के पीछे प्रभसिमरन सिंह को कैच दे बैठे।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik Tribune Hindi