Jammu Bridge Collapsed : जम्मू शहर के बाहरी क्षेत्र बंतलाब में शुक्रवार को एक छोटे पुल का एक हिस्सा ढहने से तीन-चार मजदूर मलबे के नीचे दब गए जबकि एक घायल मजदूर को बाहर निकाल लिया गया।
पुल का हिस्सा गिरने के बाद अधिकारियों ने सड़क संपर्क बंद कर दिया। सूत्रों के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब मजदूर पुल के पास एक दीवार की मरम्मत का काम कर रहे थे। यह दीवार पिछले साल आई बाढ़ में क्षतिग्रस्त हो गई थी।

उन्होंने कहा कि पुल का एक हिस्सा अचानक टूट गया, जिससे मौके पर काम कर रहे मजदूर मलबे के नीचे दब गए। पुलिस, सेना और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने मलबे के नीचे दबे लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया। सूत्रों ने बताया कि बचावकर्मियों ने एक घायल मजदूर को बाहर निकाल लिया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
घटनास्थल पर मौजूद मजदूरों के परिजनों ने बताया कि वहां काम कर रहे लगभग छह मजदूर ढांचा गिरने से मलबे के नीचे दब गए। उन्होंने कहा कि दो मजदूर बच निकलने में सफल रहे लेकिन चार श्रमिक फंस गए। सूत्रों के मुताबिक, फंसे लोगों में एक महिला मजदूर का पति, एक राजमिस्त्री, एक अविवाहित मजदूर और ठेकेदार का एक रिश्तेदार शामिल है। खबर लिखे जाने तक मलबे के नीचे फंसे लोगों की सही संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।
