Dailyhunt

Jammu Highway Landslide : यात्रियों को बड़ी राहत; रामबन में हालात सामान्य, भूस्खलन के बाद खुला जम्मू-श्रीनगर हाईवे

Jammu Highway Landslide : जम्मू कश्मीर के रामबन जिले में भूस्खलन के कारण एक दिन तक सड़क संपर्क बाधित रहने के बाद मंगलवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का आवागमन बहाल कर दिया गया।

एक यातायात पुलिस अधिकारी ने बताया, “भूस्खलन का मलबा हटाने के बाद मंगलवार सुबह राजमार्ग पर यातायात बहाल कर दिया गया।”

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यात्री वाहनों को अब राजमार्ग पर दोनों दिशाओं से आवागमन की अनुमति है। यातायात पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि सोमवार को राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई क्योंकि भूस्खलन और पत्थर गिरने से करोल ब्रिज और चंदरकोट के बीच दोनों रास्ते अवरुद्ध हो गए थे।

अधिकारियों ने बताया कि राजमार्ग पर विभिन्न स्थानों पर 400 से अधिक वाहन फंसे हुए थे, जिन्हें पहले निकाला गया। इस बीच, यातायात पुलिस ने यात्रियों को लेन नियमों का सख्ती से पालन करने की सलाह दी है और चेतावनी दी है कि आगे निकलने की होड़ में और गलत लेन में गाड़ी चलाने से मार्ग पर जाम लग सकता है।

अधिकारियों ने जनता से यह भी आग्रह किया है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जम्मू, श्रीनगर तथा रामबन में यातायात पुलिस और यातायात नियंत्रण इकाइयों के सोशल मीडिया हैंडल सहित आधिकारिक चैनलों के माध्यम से सड़क की स्थिति की पुष्टि करें।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik Tribune Hindi