हरियाणा की राजनीति में बुधवार को कलायत विधानसभा क्षेत्र से एक बड़ी हलचल देखने को मिली। मुख्यमंत्री नायब सैनी और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली की मौजूदगी में पंचकूला में आयोजित कार्यक्रम में कलायत के कई दिग्गज नेताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया।
भाजपा में शामिल होने वालों में सबसे प्रमुख नाम अनीता ढुल बढ़सीकरी का रहा। 2024 के विधानसभा चुनाव में अनीता ढुल ने बतौर आजाद उम्मीदवार चुनाव लड़ते हुए 25,500 मत हासिल कर सबको चौंका दिया था। अब उन्होंने अपनी पूरी टीम के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। उनके साथ हरियाणा नंबरदार एसोसिएशन के प्रांतीय कोषाध्यक्ष पार्षद संजय सिंगला, नगर पालिका के पूर्व प्रधान प्रतिनिधि राजू कौशिक और वीरेंद्र राणा ने भी अपने समर्थकों के साथ भाजपा में 'घर वापसी' की। घटनाक्रम की मुख्य कड़ी कैथल अध्यक्ष ज्योति सैनी, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर और अमरपाल राणा रहे, जिन्होंने इन नेताओं को पार्टी से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में कई मंत्री व विधायक मौजूद रहे।
