बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रणौत तथा अभिनेता ऋतिक रोशन के बीच वर्षों पुराना विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। सोशल मीडिया पर दोनों से जुड़ा एक ट्रेंड वायरल होने के बाद कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए ऋतिक रोशन पर निशाना साधते हुए उन्हें 'आग में घी डालना बंद करने' की सलाह दी है।
दरअसल, विवाद की शुरुआत तब हुई जब 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के प्रवक्ता सौरभ दास ने एक इंटरव्यू में कंगना पर टिप्पणी करते हुए मजाकिया अंदाज में कहा कि उनके दोस्तों के अनुसार कंगना उनके पीछे इसलिए पड़ी हैं क्योंकि उनकी शक्ल ऋतिक रोशन से मिलती-जुलती है। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर 'The World Owes an Apology to Hrithik Roshan' ट्रेंड करने लगा और कई यूजर्स ने कंगना को ट्रोल करना शुरू कर दिया।
इस ट्रेंड पर प्रतिक्रिया देते हुए ऋतिक रोशन ने कहा कि वह मामले का सही संदर्भ सामने आने का इंतजार करेंगे। ऋतिक की इसी प्रतिक्रिया के बाद कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर उनसे जुड़ी एक खबर साझा करते हुए लिखा, "डियर ऋतिक, मुझे खुशी है कि आपको अपना परफेक्ट मैच मिल गया है। आप और सबा आजाद साथ में बहुत अच्छे लगते हैं।"
कंगना ने आगे लिखा कि ऋतिक एक प्रतिबद्ध रिश्ते में हैं और किसी महिला को इस तरह परेशान करना उन्हें शोभा नहीं देता। उन्होंने कहा कि ऋतिक को उन लोगों की आलोचना करनी चाहिए जो उनके नाम का इस्तेमाल करके उन्हें ट्रोल और बुली कर रहे हैं।
अपनी पोस्ट के अंत में कंगना ने लिखा, "आग में घी डालना और अपने पार्टनर को शर्मिंदा करना बंद करें। उम्मीद है कि आपको सही बात समझ आएगी और आप बेवजह की बातें करना बंद करेंगे।"
गौरतलब है कि कंगना रणौत और ऋतिक रोशन के बीच विवाद कई वर्षों पुराना है। यह मामला उस समय सुर्खियों में आया था जब कंगना ने एक इंटरव्यू में ऋतिक को 'सिली एक्स' कहा था। इसके बाद ऋतिक ने किसी भी तरह के रिश्ते से इनकार करते हुए कंगना को कानूनी नोटिस भेजा था। ऋतिक का दावा था कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनकी फर्जी ईमेल आईडी बनाकर कंगना से बातचीत कर रहा था, जबकि कंगना का कहना था कि वह ईमेल आईडी स्वयं ऋतिक ने उन्हें दी थी।
