राव नरेंद्र व संजय दत्त ने कार्यकर्ताओं से किया संवाद, पोस्टर विवाद ने भी खींचा ध्यान
हरियाणा कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत रविवार को रेवाड़ी में कोसली, रेवाड़ी और बावल विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रदेश प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का आयोजन जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष सुभाष छावड़ी और शहरी जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण चौधरी के नेतृत्व में किया गया।
बैठक में दोनों नेताओं ने विधानसभा क्षेत्रों से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सुझाव सुने तथा संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने पर चर्चा की। संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से प्रदेश की जनता निराश है और लोगों का विश्वास लगातार कांग्रेस की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की। हालांकि संगठन सृजन अभियान के बीच कांग्रेस की आंतरिक गुटबाजी भी चर्चा का विषय बन गई।
शनिवार देर शाम शहर के जिमखाना क्लब में आयोजित बैठक के दौरान लगाए गए पोस्टरों से पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव और पूर्व विधायक चिरंजीव राव के फोटो गायब थे। इस कार्यक्रम में भी प्रदेश प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह मौजूद थे। पोस्टरों में अपना और अपने पुत्र का फोटो नहीं देखकर कैप्टन अजय सिंह यादव भावुक हो गए और उन्होंने मंच से इस मुद्दे को उठाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति नहीं होनी चाहिए और इस पर नाराजगी भी जताई। वहीं कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि उन्होंने यह मुद्दा पार्टी मंच पर उठा दिया है और इसे अधिक तूल देने की आवश्यकता नहीं है। दूसरी ओर ग्रामीण जिलाध्यक्ष सुभाष छावड़ी ने पूरे विवाद को प्रिंटिंग मिस्टेक बताते हुए कहा कि किसी प्रकार की जानबूझकर की गई अनदेखी नहीं थी।
