Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

खिलाड़ियों की मेहनत से मिले पदक, न कि सरकार की किसी खेल नीति से : हुड्डा

पूर्व मुख्यमंत्री ने कॉमनवेल्थ पदक विजेताओं को डीएसपी समेत बड़े सरकारी पद देने की उठाई मांग

पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता भूपेंद्र हुड्डा ने कॉमनवेल्थ गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन का श्रेय खिलाड़ियों की मेहनत और प्रतिभा को देते हुए कहा कि यह किसी सरकारी खेल नीति का परिणाम नहीं है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी पहले भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन करते रहे हैं।

झज्जर में पूर्व कुलपति विवेक शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंचे हुड्डा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वर्ष 2010 में भी हरियाणा के खिलाड़ियों ने इसी तरह का शानदार प्रदर्शन किया था। उनके कार्यकाल में पदक विजेता खिलाड़ियों को डीएसपी सहित उच्च सरकारी पदों पर नियुक्तियां दी जाती थीं, जिससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता था और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरणा मिलती थी।

उन्होंने मांग की कि कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को डीएसपी समेत अन्य प्रतिष्ठित सरकारी पद देकर सम्मानित किया जाए। राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा द्वारा एफआईआर दर्ज कराने के सवाल पर हुड्डा ने कहा कि ऐसी राजनीतिक कार्रवाई से कांग्रेस पर कोई प्रभाव नहीं पड़ने वाला है।

इससे पहले हुड्डा ने पूर्व कुलपति विवेक शर्मा के आवास पहुंचकर उनके परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने विवेक शर्मा को एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद, सामाजिक सरोकारों से जुड़े और मिलनसार व्यक्तित्व का धनी बताते हुए कहा कि उनके निधन से शिक्षा जगत को बड़ी क्षति हुई है। इस अवसर पर पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल और कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स भी मौजूद रहे।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik Tribune Hindi