सेक्टर-26 में मंगलवार सुबह एक निजी कॉलेज की बस अनियंत्रित होकर घरों के बाहर खड़े कई वाहनों से जा टकराई। हादसे में करीब पांच से छह वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि घटना के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सडक़ किनारे खड़ी गाडिय़ों को टक्कर मार दी। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
हादसे के बाद बस चालक और स्थानीय लोगों के बीच काफी देर तक तीखी बहस हुई। लोगों ने चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। स्थिति को बिगड़ता देख कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन क्षतिग्रस्त वाहनों के मालिक नुकसान को लेकर काफी नाराज नजर आए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों का जायजा लेने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
