Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

महिला सुरक्षा से समझौता नहीं, हर पीड़िता को मिलेगा समयबद्ध न्याय : भारती सैनी

हिला थाना, वन स्टॉप सेंटर और बाल संरक्षण कार्यालय का किया निरीक्षण

हरियाणा महिला आयोग की नवनियुक्त सदस्य भारती सैनी ने शुक्रवार को नारनौल में महिला सुरक्षा एवं बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

उन्होंने महिला थाना, जिला बाल संरक्षण कार्यालय, वन स्टॉप सेंटर तथा एसडीएम कार्यालय का दौरा कर अधिकारियों से महिला सुरक्षा, घरेलू हिंसा, बाल अपराध और पीड़ित महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली।

इस दौरान उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा और सम्मान से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा तथा प्रत्येक पीड़िता को समयबद्ध न्याय और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महिला थाना में उन्होंने महिलाओं से जुड़े मामलों के पंजीकरण, शिकायतों की सुनवाई और पीड़ित महिलाओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायत लेकर आने वाली प्रत्येक महिला के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए, ताकि वह बिना किसी भय के अपनी बात रख सके। इसके बाद उन्होंने जिला बाल संरक्षण कार्यालय पहुंचकर पॉक्सो अधिनियम के तहत दर्ज मामलों, बाल सुरक्षा योजनाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

वन स्टॉप सेंटर में उत्पीड़न की शिकार महिलाओं को दी जा रही कानूनी, सामाजिक और मनोवैज्ञानिक सहायता की समीक्षा की। बाद में एसडीएम अनिरुद्ध यादव के साथ बैठक में महिला कल्याण योजनाओं और विभागीय समन्वय पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि आयोग का उद्देश्य केवल शिकायतों का निस्तारण नहीं, बल्कि महिलाओं को सुरक्षित वातावरण, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता और प्रभावी न्याय सुनिश्चित करना भी है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik Tribune Hindi