मुल्लांपुर के डीएसपी हरकीरत सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान मनिंदरपाल सिंह के रूप में हुई है, जो सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी है और वर्तमान में चंडीगढ़ में सुरक्षा गार्ड के तौर पर कार्यरत है। शनिवार रात छुट्टी पर गांव लौटने के बाद उसकी गांव के बाजार स्थित जूतों की दुकान पर पूर्व सरपंच के पति रजनीश कुमार से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
पुलिस के अनुसार, विवाद के बाद आरोपी घर चला गया, लेकिन कुछ देर बाद अपनी लाइसेंसी .12 बोर राइफल लेकर वापस बाजार पहुंचा और रजनीश कुमार पर कई फायर कर दिए। गोली उनके पेट और हाथ में लगी, जबकि अन्य गोलियां भी शरीर को छूते हुए निकलीं। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां से पीजीआई रेफर कर दिया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
वारदात के बाद आरोपी अपने घर में घुस गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद दरवाजा खुलवाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बंदूक भी कब्जे में ले ली।
डीएसपी हरकीरत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी घटना के समय नशे में था। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
