बॉलीवुड अभिनेता अन्नू कपूर अपने बेबाक और बेधड़क बयानों के लिए अक्सर चर्चा में रहते हैं। पिछले साल अभिनेत्री तमन्ना भाटिया को लेकर दिए गए उनके एक बयान ने सोशल मीडिया पर खूब विवाद खड़ा किया था।
अन्नू कपूर ने एक पॉडकास्ट में तमन्ना के लिए 'दूधिया बदन' शब्द का इस्तेमाल किया था। इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया गया। हालांकि, बाद में अभिनेता ने अपने बयान को लेकर सफाई देते हुए आलोचकों की सोच पर ही सवाल खड़े कर दिए थे।
तमन्ना को लेकर क्या बोले थे अन्नू कपूर?
पिछले साल एक पॉडकास्ट के दौरान अन्नू कपूर से पूछा गया था कि क्या उन्हें तमन्ना पसंद हैं? इसपर कपूर ने कहा था, “आहा, माशाल्लाह क्या दूधिया बदन है।” उनके इस बयान पर हंगामा हुआ था और एक्टर को इसके लिए काफी ट्रोलिंग का सामना भी करना पड़ा था।
ट्रोलिंग पर अन्नू कपूर ने कैसे दिया जवाब?
हालांकि बाद में एक इंटरव्यू में अन्नू कपूर ने अपने बयान का बचाव करते हुए कहा कि लोगों को हिंदी में कही गई बात ज्यादा चुभती है, जबकि अंग्रेजी के शब्दों को वे आसानी से स्वीकार कर लेते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीयों ने गुलामी सही है ना… इसलिए अंग्रेजी में गाली दे दूं तो वो अच्छी लग जाती है, उसमें कोई प्रॉब्लम नहीं है, लेकिन हिंदी में गाली दे दूं तो चुभ जाती है। गुलामों की औलाद हैं ना। गुलामी चित्त से अभी गई नहीं है। 15 अगस्त 1947 को आजादी मिली, जो स्वतंत्रा की प्राप्ति हुई। वो स्वतंत्रता…आप समझ लो।
उन्होंने कहा, “लोगों को एक तरह की पॉलिटिकल फ्रीडम मिली है। अभी भी भारतीय मानसिक रूप से गुलाम हैं इसलिए मिल्की बॉडी कहने पर कोई उन्हें कोई प्रॉब्लम नहीं है, लेकिन किसी स्त्री को मिल्की बॉडी कहो तो चलेगा। मैंने तो उनसे कहा था कि अगर आपको बुरा लगा हो तो मैं माफी मांगता हूं।”
'सदा सुहागन' वाली बात पर भी हुई थी चर्चा
बातचीत के दौरान अन्नू कपूर ने तमन्ना के लिए 'सदा सुहागन' रहने की बात कह दी थी। जब उन्हें याद दिलाया गया कि तमन्ना शादीशुदा नहीं हैं, तो उन्होंने अपने शब्दों को बदलते हुए 'सदा सौभाग्यवती भव' कहने की बात कही।
