Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

मोहाली के अंब साहिब कॉलोनी में पुलिस का 'कासो' अभियान

जिले में अपराध और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोहाली पुलिस ने रविवार सुबह अंब साहिब कॉलोनी में बड़े स्तर पर कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (कासो) चलाया। करीब 150 पुलिसकर्मियों की टीम ने पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया।

इस दौरान पुलिस ने 10 लावारिस वाहनों को जब्त किया, नशे से जुड़े दो मामले दर्ज किए और कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

ऑपरेशन की अगुवाई डीएसपी सिटी-2 हरसिमरन सिंह बल ने की। उनके साथ सब-डिवीजन-2 के सभी थाना प्रभारियों और पुलिस टीमों ने एक साथ कार्रवाई की। सुबह करीब सात बजे कॉलोनी की घेराबंदी करने के बाद पुलिस ने घरों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर गहन तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने नशा करने के संदेह में कई युवकों को हिरासत में लिया। सभी को डोप टेस्ट के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया। वहीं स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर नशे की लत से जूझ रहे और उपचार के इच्छुक लोगों को सेक्टर-66 स्थित ड्रग डी-एडिक्शन सेंटर में भर्ती कराया गया।

कार्रवाई में एसएचओ अमन बैदवान, एसएचओ अमनदीप सिंह कंबोज, एसएचओ सिमर शेरगिल और एसएचओ गुरमेहर सिंह के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों ने हिस्सा लिया। अभियान के दौरान 10 लावारिस वाहनों को जब्त कर कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई। साथ ही जिले में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत दो एफआईआर भी दर्ज की गईं।

डीएसपी हरसिमरन सिंह बल ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर असामाजिक तत्वों और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कमजोर और संवेदनशील क्षेत्रों में आगे भी ऐसे कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन जारी रहेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे और अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik Tribune Hindi