क्रांतिकारी युवा संगठन (केवाईएस) की ओर से मंगलवार को 'नीट-2026' पेपर लीक, लगातार बढ़ रहे परीक्षा घोटालों, शिक्षा के बाजारीकरण तथा युवाओं के बढ़ते रोजगार संकट के खिलाफ एकजुट होकर विरोध-प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंककर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम एक मांग पत्र व ज्ञापन सौंपा। संगठन के प्रमुख साथी ऋतु, अंजू, प्रिया, मनप्रीत, विशाल, अमरजीत, अंजलि व कोमल समेत अनेक युवा मुख्य रूप से मौजूद रहे। युवा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के लाखों छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल प्रभाव से पद से बर्खास्त करें। साथ ही विवादों में घिरी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को तुरंत भंग किया जाए तथा एनटीए से जुड़े तमाम घोटालों और प्रशासनिक कुप्रबंधन की उच्च स्तरीय जांच सुप्रीम कोर्ट की सीधी निगरानी में कराई जाए।
