Noida Factory Fire : नोएडा के ईकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र स्थित इलेक्ट्रॉनिक चिप निर्माण इकाई आईएलजीआईएम कंपनी में सोमवार देर रात लगी भीषण आग बुझाने के दौरान मलबा गिरने से दो दमकलकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, घायलों की हालत खतरे से बाहर है।
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कम से कम छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान फैक्टरी परिसर की एक दीवार और लोहे का बीम अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में पांच दमकलकर्मी आ गए।
घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दमकलकर्मी रोहित यादव और तीरथपाल सिंह की मौत हो गई। घायल दमकलकर्मियों राजपाल सिंह, मनीष कुमार और अमित कुमार का उपचार जारी है। पुलिस ने बताया कि तीनों की हालत खतरे से बाहर है।
घटनास्थल पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम भी मौजूद है। पुलिस के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
