Dailyhunt

नूंह पुलिस की अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, जेसीबी से रास्ते किए गए बंद

जिला पुलिस द्वारा अवैध खनन की रोकथाम को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए अलग-अलग क्षेत्रों में संयुक्त कार्रवाई की। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के तहत थाना रोजका मेव और थाना पिनंगवा क्षेत्र में अवैध खनन के संभावित स्थलों पर पहुंचकर रास्तों को अवरुद्ध किया गया।

थाना रोजका मेव क्षेत्र के गांव बड़का अलीमुद्दीन की पहाड़ी में हो रही अवैध खनन गतिविधियों को रोकने के लिए प्रबंधक थाना रोजका मेव निरीक्षक विनोद कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान ग्राम पंचायत सरपंच को बुलाकर जेसीबी मशीन की मदद से उन रास्तों को बंद कराया गया, जिनका उपयोग अवैध खनन में लगे वाहनों द्वारा किया जा रहा था। वहीं थाना पिनंगवा क्षेत्र के कुतकपुर शाह चोखा पहाड़ी इलाके में भी वन विभाग की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई। यहां अवैध खनन की संभावनाओं को देखते हुए जेसीबी मशीन द्वारा रास्तों की खुदाई कर उन्हें अवरुद्ध किया गया, ताकि खनन में प्रयुक्त साधनों की आवाजाही को रोका जा सके। इस कार्रवाई के दौरान संबंधित थाना पुलिस बल और वन विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि नूंह जिला पुलिस अवैध खनन को रोकने के लिए पूरी तरह गंभीर है और इस दिशा में लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार संबंधित विभागों, विशेषकर वन विभाग और खनन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे अवैध खनन पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik Tribune Hindi