Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

Pakistan Minister's Cockroach Remark: 'कॉकरोच भी सब कुछ पलट सकते हैं', पाकिस्तान के मंत्री मोहसिन नकवी के बयान पर मचा बवाल

पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी अपने एक बयान को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने देश के युवाओं को लेकर ऐसी टिप्पणी की है, जिस पर सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में बहस छिड़ गई है।

पाकिस्तान इकोनॉमिक समिट में बोलते हुए नकवी ने युवाओं की तुलना 'कॉकरोच' से करते हुए कहा कि यदि ये एकजुट हो जाएं तो सब कुछ पलट सकते हैं।

जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, इस्लामाबाद में आयोजित समिट में नकवी ने कहा कि पाकिस्तान में मौजूदा व्यवस्था पूरी तरह से विफल हो चुकी है और देश की बढ़ती समस्याओं का समाधान इस सिस्टम के जरिए संभव नहीं है। उन्होंने व्यापक सुधारों की जरूरत पर जोर दिया।

नकवी ने कहा, "जिस व्यवस्था में हम रह रहे हैं, वह ढह चुकी है। इसके जरिए समस्याओं का समाधान नहीं किया जा सकता।" उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ढांचागत सुधार नहीं किए गए तो 10 साल बाद भी पाकिस्तान उन्हीं समस्याओं से जूझ रहा होगा।

युवाओं को लेकर दिया विवादित बयान

समिट में सुधारों की जरूरत पर चर्चा करते हुए नकवी ने देश के युवाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा, "अब चाहे आप उस युवा को युवा कहें, कॉकरोच कहें या कुछ और… अगर ये कॉकरोच एकजुट हो गए तो ये सब कुछ पलट सकते हैं।"

उनके इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे युवाओं की ताकत की ओर इशारा बता रहे हैं, जबकि कई लोगों ने इसे युवाओं के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करार दिया है।

सेना से अकेले समाधान संभव नहीं : नकवी

बाद में पत्रकारों से बातचीत में मोहसिन नकवी ने कहा कि पाकिस्तान की समस्याओं का समाधान केवल सैन्य नेतृत्व के प्रयासों से नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर के प्रयास भी व्यापक व्यवस्था सुधारों के बिना पर्याप्त नहीं होंगे।

नकवी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब पाकिस्तान आर्थिक संकट, बेरोजगारी, राजनीतिक अस्थिरता और सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर रहा है। बलूचिस्तान, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर और खैबर पख्तूनख्वा में भी हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik Tribune Hindi