Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

पंचकूला में कचरा शुल्क रिफंड न होने से नागरिकों में रोष

पंचकूला नगर निगम द्वारा वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के लिए घर-घर से कचरा उठाने का शुल्क माफ किए जाने के बावजूद पहले से जमा राशि वापस न किए जाने पर नागरिकों में नाराजगी बढ़ रही है।

सिटीजन्स वेलफेयर एसोसिएशन (सीडब्ल्यूए) ने आरोप लगाया है कि 80 प्रतिशत से अधिक परिवार पहले ही यह शुल्क जमा कर चुके थे, लेकिन अब तक उन्हें न तो रिफंड मिला है और न ही अगले बिलों में कोई समायोजन किया गया है।

एसोसिएशन का कहना है कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक ज्ञान चंद गुप्ता ने अपने कार्यकाल में जारी पुस्तिका में घर-घर से निशुल्क कचरा उठाने का उल्लेख किया था। तत्कालीन महापौर कुलभूषण गोयल ने भी कई बार प्रेस विज्ञप्तियों के माध्यम से नागरिकों से कचरा उठाने का शुल्क जमा न करने की अपील की थी और कहा था कि यह सेवा नगर निगम अपने खर्च पर उपलब्ध कराएगा।

एसोसिएशन के अनुसार, इसके बावजूद जिन लोगों ने पहले ही शुल्क जमा कर दिया था, उन्हें आज तक उनकी राशि वापस नहीं मिली। आरोप है कि नगर निगम के कर्मचारी अब भी नागरिकों से कचरा शुल्क जमा करने का दबाव बना रहे हैं, जिससे लोगों में असंतोष है। एसोसिएशन के अध्यक्ष एस.के. नैय्यर, महासचिव सुनील जैन, कर्नल एस.के. दत्ता, राकेश सोंधी, के.आर. कोली सहित अन्य पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, स्थानीय निकाय विभाग के महानिदेशक, महापौर और नगर आयुक्त से हस्तक्षेप कर प्रभावित नागरिकों को उनकी जमा राशि शीघ्र लौटाने की मांग की है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik Tribune Hindi