Dailyhunt

पंचकूला में कांग्रेस का प्रचार तेज़, सुधा भारद्वाज बोलीं-विकास के लिए करें मतदान

पंचकूला नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस प्रत्याशी सुधा भारद्वाज ने बृहस्पतिवार को अपने जनसंपर्क अभियान को तेज करते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जनसभाएं कीं। इस दौरान वार्ड-18, होटल आर प्लाजा, सेक्टर-15 मार्केट, अलीपुर, मोगीनंद और सेक्टर-17 स्थित हरको सोसायटी में लोगों से संवाद कर उन्होंने कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील की।

जनसभाओं में उनके साथ विधायक चंद्र मोहन भी मौजूद रहे। उन्होंने लोगों से अपील की कि शहर के समग्र विकास के लिए कांग्रेस को समर्थन दिया जाए।

सुधा भारद्वाज ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भारी टैक्स देने के बावजूद नागरिक मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम के विकास कार्यों के लिए निर्धारित धनराशि भ्रष्टाचार और कथित घोटालों की भेंट चढ़ रही है, जिससे शहर का विकास प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि जनता को अब तय करना है कि उसे विकास चाहिए या घोटालों वाली व्यवस्था। उन्होंने हाल ही में सामने आए कथित 159 करोड़ रुपये के मामले का उल्लेख करते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग भी उठाई।

विधायक चंद्र मोहन ने भी जनसभाओं के दौरान लोगों से कांग्रेस को एक-एक वोट देने की अपील की और कहा कि इससे ही पंचकूला में विकास कार्यों को गति मिल सकेगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे, जिन्होंने विभिन्न इलाकों में प्रचार अभियान में भाग लिया।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik Tribune Hindi