Panipat Extortion Threat: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन कुंडू से विदेशी नंबर से गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर वॉट्सएप पर दो वॉइस मैसेज भेजकर 5 करोड़ रूपये की रंगदारी मांगी गई है और पैसे नहीं देने पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी है।
कांग्रेस नेता सचिन कुंडू रविवार शाम को कांग्रेस जिला अध्यक्ष ग्रामीण रमेश मलिक और संगठन जिला महामंत्री दीपक खटकड के साथ गांव गढ सरनाई में पूर्व सरपंच नरेंद्र की माता के निधन पर शोक व्यक्त करने गये हुए थे। उसी दौरान उनके मोबाईल पर विदेशी नंबर से वॉट्सएप कॉल आई लेकिन सचिन कुंडू ने कॉल रिसीव नहीं की तो उनके नंबर पर उसी विदेशी नंबर से दो वॉइस मैसेज भेजे गये। जिसमें बदमाश ने अपने आप को गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग का सदस्य महेंद्र डेलाणा बतलाया और पांच करोड की रंगदारी मांगी गई।
कांग्रेस नेता सचिन कुंडू ने इसकी शिकायत सेक्टर 13-17 पुलिस थाना को दी और पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। बता दे कि सचिन कुंडू युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके है और अक्तूबर 2024 में प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में सचिन कुंडू ने कांग्रेस के टिकट पर पानीपत ग्रामीण हलके से मौजूदा शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के सामने चुनाव लडा था।
पानीपत के सेक्टर 18 के रहने वाले सचिन कुंडू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 3 मई को वह एक निजी कार्यक्रम में गांव गढ़ सरनाई में थे। उसी दौरान शाम करीब 4.09 और 4.10 बजे उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से वॉट्सएप कॉल आई। उसने उस समय कॉल रिसीव नहीं की। कॉल न उठाने के चंद मिनटों बाद, उसी विदेशी नंबर से शाम 4.12 और 4.13 पर दो वॉइस मैसेज आए।
जब सचिन ने इन रिकॉर्डिंग्स को सुना तो उनके होश उड़ गए। वॉइस मैसेज भेजने वाले ने अपना नाम महेन्द्र डेलाणा बताया और खुद को रोहित गोदारा गैंग का सदस्य बताया। वॉइस मैसेज पर कहा गया कि 5 करोड़ दो वरना परिवार खत्म। इस बारे में सेक्टर 13-17 पुलिस थाना प्रभारी दलबीर ने बताया कि सचिन कुंडू की शिकायत पर विभिन्न धाराअें में मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।
