कुरुक्षेत्र के विकास में एक नया अध्याय जोड़ते हुए बहुप्रतीक्षित एलिवेटेड रेलवे ट्रैक 17 जुलाई को आम जनता को सुपुर्द कर दिया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद से वर्चुअली इस ऐतिहासिक एलिवेटेड ट्रैक व नए स्टेशन का उद्घाटन करेंगे।
उद्घाटन से पूर्व, 9 जुलाई को इस नवनिर्मित ट्रैक पर रेलवे द्वारा सुरक्षा व गति का अंतिम ट्रायल सुनिश्चित किया जाएगा।
पिहोवा रोड से कुरुक्षेत्र ब्लॉक सेक्शन तक बने इस आधुनिक एलिवेटेड ट्रैक की कुल लंबाई 5.9 किलोमीटर है, जिसमें मुख्य पुल की लंबाई 4.8 किलोमीटर है। इस परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए कुल 213 पिलर्स खड़े किए गए हैं। थानेसर शहर के भीतर यात्रियों की सुविधा के लिए एक एलिवेटेड रेलवे स्टेशन का निर्माण भी किया गया है, जिसके प्लेटफॉर्म की लंबाई 15.8 मीटर है। इस प्रोजेक्ट के लिए सरकार की तरफ से 206 करोड़ रुपये तथा रेल मंत्रालय की ओर से शेष निर्माण कार्यों सहित कुल 446.84 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया था।
कुरुक्षेत्र-जींद रेलवे मार्ग पर थानेसर शहर के भीतर पिहोवा रोड से पुराने बस अड्डे के बीच मात्र 3 किलोमीटर के दायरे में 5 रेलवे क्रॉसिंग आते हैं। इनमें पुराना बस स्टैंड, मेन बाजार, महाराणा प्रताप चौक, सरकारी अस्पताल के सामने और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का थर्ड गेट शामिल हैं। इस मार्ग से जब भी कोई ट्रेन गुजरती थी, तो ये सभी फाटक एक साथ बंद हो जाते थे, जिससे शहर के मुख्य हिस्सों में एक-एक घंटे तक लंबा और भीषण जाम लग जाता था। इस एलिवेटेड ट्रैक के चालू होने के बाद शहर पूरी तरह जाम-मुक्त हो जाएगा।
उमरी में सिख संग्रहालय की भी रखी जाएगी आधारशिला
पूर्व मंत्री सुभाष सुधा ने बताया कि इस नए एलिवेटेड स्टेशन के प्रवेश द्वार पर ही आधुनिक टिकट घर और प्रतीक्षालय बनाया गया है। ऊपरी प्लेटफॉर्म तक सुगम पहुंच के लिए सीढ़ियों के साथ-साथ रैंप की व्यवस्था की गई है, जबकि यात्रियों को धूप व बरसात से बचाने के लिए प्लेटफॉर्म पर शेड लगाया गया है। पूर्व मंत्री सुधा ने बताया कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद के मुख्य समारोह से कुरुक्षेत्र के उमरी में करीब 5 एकड़ भूमि पर 124 करोड़ से बनने वाले भव्य 'सिख संग्रहालय' की भी डिजिटल माध्यम से आधारशिला रखेंगे। इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के मुख्य सभागार में जिला स्तरीय गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
