क्षेत्र के किसानों के धरने के कारण करीब चार महीने से बंद रिंग रोड का निर्माण कार्य फिर से शुरू होने जा रहा है। ऐसा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण के प्रयासों से संभव हो पाया है।
रिंग रोड के साथ सर्विस लेन के लिए एनएचएआई ने मंजूरी प्रदान कर दी है। आज किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने कल्याण के साथ बैठक कर जहां उनका आभार जताया, वहीं धरना खत्म करने की घोषणा भी की। अब सर्विस रोड के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। स्थानीय चीनी मिल रेस्ट हाउस में जनसुनवाई कार्यक्रम से पहले संगठनों के प्रतिनिधियों की विधानसभा अध्यक्ष के साथ बैठक आयोजित की गई। इस मौके पर उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा, नगर निगम आयुक्त डा. वैशाली शर्मा, चीनी मिल एमडी अदिति भी मौजूद रहीं। कल्याण ने कहा कि चल रहे विकास कार्यों और बड़ी परियोजनाओं में कई तरह की दिक्कतें पेश आती हैं। कहीं पॉलिसी तो कहीं नियमों की बात आड़े आ जाती है। इनका हल निकालने में समय लगता है। अच्छी बात यह कि क्षेत्र के विकास संबंधी सभी कार्य सही दिशा में चल रहे हैं। रिंग रोड का निर्माण शुरू होने के बाद अनेक किसानों की समस्याएं उनके सामने आईं। प्रशासनिक व एनएच अधिकारियों से मिलकर अधिकांश का समाधान कराया जा चुका है। रिंग रोड बनने से आसपास की जमीन के भाव बढ़ेंगे, जिसका सीधा फायदा किसानों को होगा।
रिंग रोड जनहित से जुड़ा प्रोजेक्ट : डीसी
डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि जनहित से जुड़ा रिंग रोड एक बड़ा प्रोजेक्ट है। एनएचएआई अधिकारियों से मिलकर इसे समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। इसके पूरा होने से क्षेत्र में प्रगति के नये द्वार खुलेंगे। इस मौके पर भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष के प्रदेश अध्यक्ष रतन सिंह मान ने सर्विस रोड संबंधी किसानों की मांग माने जाने पर स्पीकर व सरकार का आभार जताया। बैठक के बाद कल्याण ने जन सुनवाई कार्यक्रम के तहत करीब दो घंटे तक लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके निपटारे के निर्देश दिए।
