सौंदर्य बढ़ाने में मेकअप की महत्वपूर्ण भूमिका है। महिलाएं इसके तहत चेहरे, आंखों, गर्दन व बालों आदि के लिए विभिन्न प्रोडक्ट्स, उपकरणों और टेक्निक्स का इस्तेमाल करती हैं। लेकिन कई बार ऐसी गलतियां हो जाती हैं जिनसे सुंदरता हासिल होने की बजाय नुकसान हो जाता है।
दुनिया में हर औरत सुंदर दिखना चाहती है। इसके लिए वह जो प्रयास करती है, कई बार वे भारी पड़ जाते हैं। ऐसी गलतियां हो जाती हैं जिससे सुंदरता हासिल होने की बजाय उसको नुकसान पहुंचता है। इसलिए ऐसी गलतियों से सजग रहना चाहिए। कई बार छोटी-मोटी गलतियों से त्वचा समय से पहले ही लटक जाती है और उस पर पड़ने वाली झुर्रियां असल उम्र से कहीं ज्यादा का दिखाने लगती हैं। हर रोज बालों को धोना, उनमें कंडीशनर लगाना ताकि वो कोमल और रेशमी बनें लेकिन ऐसा होता नहीं, उल्टे बार-बार बाल धोने से ये खराब हो जाते हैं। इसी तरह मेकअप और बालों के ब्रश की नियमित सफाई न करने से भी कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। आइने के सामने खड़े होकर अकसर आईब्रोज के बालों को निकालना ये भी ऐसी गलती है जो दिखने में छोटी लगती है, लेकिन इससे त्वचा और बालों पर बुरा असर पड़ता है। कुछ ऐसी ही गलतियां हैं, जिन्हें महिलाएं अकसर करती हैं।
बचें इन छोटी-छोटी गलतियों से
मेकअप करने के बाद ब्रश को अच्छे ढंग से साफ करके रखना चाहिए। बिना साफ करके रखने पर उनमें बैक्टीरिया पैदा होने का खतरा रहता है। कुछ महिलाएं यह सोचती हैं कि बालों को साफ रखने के लिए उन्हें नियमित धोना जरूरी है। यदि आप उन्हीं में से हैं, तो अपने दिमाग से इस बात को निकाल दें। बालों को रोज धोने का मतलब है बालों के प्राकृतिक तेल बनने की प्रक्रिया को बाधित करना। इसलिए बालों को रोज धोने से बचें। बालों को रोज धोने से वो रूखे और बेजान हो जाते हैं। इसी तरह बालों में ज्यादा कंडीशनर का इस्तेमाल भी नहीं करना चाहिए। अकसर महिलाएं शैम्पू करने के बाद हाथ में कंडीशनर लेकर बालों में इस तरह से लगाती हैं मानो वो शैम्पू लगा रही हों। थोड़ी देर वह इससे बालों में मसाज करती हैं और इसके बाद बाल धोते हैं। जबकि बालों की जड़ों में कभी कंडीशनर नहीं लगाना चाहिए। क्योंकि जड़ों से बाल नए और स्वस्थ होते हैं और यदि कंडीशनर को बालों की जड़ों में लगाया जाता है, तो इससे उनकी जड़ों को नुकसान पहुंच सकता है।
चेहरे के साथ गर्दन पर भी दें ध्यान
अपने चेहरे की त्वचा की साफ-सफाई के रूटीन के दौरान क्या आप कभी अपनी गर्दन को भी साफ करके उससे मॉस्चराइज करती हैं या फिर केवल चिन से ऊपर ही चेहरे की सुंदरता पर ध्यान देती हैं? इस बात को हमेशा याद रखें कि हमारे गर्दन की त्वचा भी बेहद पतली और संवेदनशील होती है, इस जगह की भी साफ सफाई के प्रति हमें संवेदनशील होना चाहिए। इसलिए गर्दन की सुंदरता के लिए उस पर क्लींजर और मॉस्चराइजर नियमित लगाएं।
जरूरी है इंतजार
त्वचा का मेकअप करने के दौरान जिस समय आप मॉस्चराइजर लगाएं, उसे सूखने के लिए समय दें। इसे अच्छी तरह सूख जाने के बाद ही इस पर फाउंडेशन लगाएं। फाउंडेशन लगाने के बाद उसके भी सूखने का इंतजार करें, तभी बेहतर नतीजे मिलते हैं। यदि आप मेकअप के दौरान धैर्य नहीं रखेंगी तो यह खराब हो सकता है।
निर्देशों को ध्यान से पढ़ें
त्वचा में ब्रेकआउट होने पर स्पॉट क्रीम लगाना हमें बेहद आसान लगता है। जबकि ऐसा करने से बचना चाहिए। क्योंकि यह क्रीम हमारी त्वचा पर लंबे समय तक मौजूद रहने से कई तरह के नुकसान करती है। त्वचा भी तो सांस लेती है, इसलिए इस पर क्रीम की मोटी परत इसे बीमार बनाती है।
बालों को प्रोटेक्ट करें
हेयर ड्रायर और स्ट्रेटनर इस्तेमाल करने से पहले अपने बालों को प्रोटेक्ट करना न भूलें। अपने बालों की पर्याप्त सुरक्षा उपाय किए बिना यदि आप उन्हें हीट देते हैं, तो सूखने के बाद ये रूखे बेजान और चमकहीन हो जाते हैं।
आईब्रो बनाएं शीशे से दूर रहकर
यदि आप शीशे के बहुत करीब आकर अपनी आईब्रोज के बाल निकालती हैं, तो ज्यादा करीब से हर बाल दिखायी देता है जिसकी वजह से एक एक बाल निकालने से आईब्रो की शेप तो बिगड़ती ही है। यह ज्यादा पतली भी हो सकती है। इसलिए शीशे से दूर हटकर अपना पूरा चेहरा देखकर ही आईब्रो की शेप बनानी चाहिए। इससे आपको मोटी और आईब्रो की पूरी शेप मिलेगी।
आईलाइनर-मस्कारा आंखों के ऊपर
कभी भी आईलाइनर और मस्कारा अपनी आंखें के नीचे पलकों पर नहीं लगाना चाहिए। क्योंकि ऐसा करने से आपके आंखों के नीचे डार्क सर्कल्स ज्यादा साफ दिखायी देने लगते हैं। आंखों के नीचे की पलकों के लिए हमेशा काजल का ही इस्तेमाल करें और आईलाइनर और मस्कारा केवल आंखों के ऊपर ही लगाएं।
-इ.रि.सें.
