Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

सन्नी के सिर में चोट लगने से हुई थी मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा

कुंडली में पड़ोसियों से कहासुनी के बाद हुई युवक की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने घटनाक्रम की तस्वीर बदल दी। पहले संदिग्ध मौत मानकर जांच कर रही पुलिस ने अब मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर चार लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पोस्टमार्टम में स्पष्ट हुआ कि युवक की मौत सिर पर लगी गंभीर चोट के कारण हुई थी। मामला सन्नी देवल की मौत से जुड़ा है, जो अपने मौसेरे भाई गुड्डू के साथ कुंडली की घी मिल कॉलोनी में रहकर काम कर रहा था। गुड्डू ने प्राथमिकी दर्ज कराई है कि 13 जून की देर शाम वह और सन्नी घी मिल कॉलोनी स्थित अपने कमरे के बाहर रुपये गिन रहे थे। इसी दौरान उनके पड़ोस में रहने वाली अंकिता, उसकी बहन नेहा, भाई विवेक और घी मिल कॉलोनी निवासी संजय के साथ वहां खड़े होने को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई।

गुड्डू की शिकायत के अनुसार कुछ देर बाद अंधेरा होने पर बिजली चली गई और तभी झगड़े के दौरान सन्नी अचानक बेसुध होकर गिर पड़ा। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर कुंडली थाना पुलिस ने पहले मामले को संदिग्ध मानते हुए कार्रवाई शुरू की और शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि सिर पर लगी चोट से मौत हुई है। हालांकि नशे की आशंका को खारिज करने के लिए विसरा भी सुरक्षित रखा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद कुंडली थाना पुलिस ने शिकायत और मेडिकल साक्ष्यों के आधार पर अंकिता, नेहा, विवेक और संजय के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वर्जन

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर की चोट से मौत होने की पुष्टि के बाद गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। घटनास्थल के साक्ष्य, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

एसआई दीपक, जांच अधिकारी, थाना कुंडली

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik Tribune Hindi