सेक्टर-9 में जिम से बाहर निकलते समय प्रॉपर्टी डीलर चमनप्रीत सिंह उर्फ चिन्नी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले में क्राइम ब्रांच ने शूटरों को हथियार, वाहन और पैसे मुहैया कराने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों की पहचान मोहाली के जुझार नगर निवासी जानू मलिक, बुड़ैल निवासी कमलप्रीत उर्फ कमू और गांव मलोया निवासी राहुल शर्मा के रूप में हुई है। ये तीनों आरोपी हत्या करने वाले शूटरों की मदद कर रहे थे और बंबीहा गैंग के लिए स्लीपर सेल के रूप में काम कर रहे थे।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। 18 मार्च की सुबह सेक्टर-9 स्थित चंडीगढ़ पुलिस और पंजाब पुलिस मुख्यालय के पास जिम से बाहर निकलते समय चमनप्रीत उर्फ चिन्नी कुबाहेडी पर 12-13 गोलियां बरसाई गई थीं।
वारदात को अंजाम देने वाले शूटर फिरोजपुर निवासी राजन उर्फ पीयूष पहलवान और नवांशहर निवासी प्रीतम शाह को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उन्हें पूछताछ के लिए जल्द प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा।
हत्या में इस्तेमाल बाइक राहुल पिंजौर से लाया था, जिसे गैंगस्टर लक्की पटियाल के कहने पर चोरी कर यमुनानगर से लाया गया था। शूटरों ने वारदात को अंजाम देने के बाद इसी बाइक पर फरार हुए थे। इसी बाइक के अंदर पहले से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल को रखा गया था। इसी के अंदर वह गोलियों से भरा लिफाफा भी छोड़ कर आया था, जिसमें करीब 32 राउंड कारतूस थे। बंबीहा गैंग के लिए काम करने वाले अन्य स्लीपर सेल की भी पहचान हुई है। शहर के दो युवकों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
