Dailyhunt

सीजेएम राकेश कादियान ने वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया, वरिष्ठ नागरिकों को बताए अधिकार

गुरुग्राम में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण (डीएलएसए) गुरुग्राम के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी राकेश कादियान ने बंधवाड़ी स्थित द अर्थ सेवियर्स फाउंडेशन द्वारा संचालित वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने वहां रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उनकी स्थिति और आवश्यकताओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान राकेश कादियान ने आश्रम में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, रहने की व्यवस्था और अन्य सेवाओं का जायजा लिया। वरिष्ठ नागरिकों ने संस्था द्वारा दी जा रही देखभाल पर संतोष व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि निराश्रित बुजुर्गों को सुरक्षित वातावरण, बेहतर चिकित्सा सुविधा और भावनात्मक सहयोग मिलना बेहद आवश्यक है। इस प्रकार के प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक हैं और अधिक संस्थाओं को इस दिशा में आगे आना चाहिए।

इस मौके पर डीएलएसए टीम द्वारा एक जागरूकता सत्र का आयोजन भी किया गया, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों को उनके विधिक अधिकारों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। उन्हें भरण-पोषण के अधिकार, दुर्व्यवहार से सुरक्षा तथा निशुल्क विधिक सहायता जैसी सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।

डीएलएसए गुरुग्राम की ओर से आश्वासन दिया गया कि जरूरतमंदों को समय-समय पर विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती रहेगी और भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik Tribune Hindi