सिंचाई विभाग द्वारा समालखा हलके में ड्रेन नंबर दो पर करीब 9.60 करोड़ रुपये की लागत से तीन नये पुल बनवाये जा रहे हैं, जिनमें गांव ताहरपुर से बापौली, खोजकीपुर से बापौली व संजौली से ताहरपुर शामिल हैं।
इन पुलों का निर्माण कार्य इसी वर्ष अप्रैल के पहले सप्ताह में शुरू हुआ था और इनमें से दो पुल ताहरपुर से बापौली व खोजकीपुर से बापौली का तकरीबन निर्माण कार्य पूरा हो गया है और इन दोनों पुलों को ग्रामीणों की सुविधा के लिये अस्थाई तौर पर सिर्फ छोटे वाहनों के लिये खोल दिया गया है। जबकि तीसरे पुल संजौली से ताहरपुर का निर्माण कार्य चल रहा है और अधिकारियों अनुसार मौसम अनुकूल रहा तो इसको भी 10-12 दिनों में छोटे वाहनों के लिये खोल देंगे।
ये तीनों पुल बहुत पुराने हो चुके थे और ड्रेन एवं सड़क के हिसाब से काफी नीचे थे। पहले इन पुलों की चौड़ाई 16-16 फीट थी और दोनों तरफ से एक साथ कई वाहन आ जायें तो वाहन चालकों को रुकना पड़ता था, लेकिन अब इन तीनों पुलों की चौड़ाई बढ़ाकर 28-28 फीट कर दी है। ड्रेन नंबर दो पर इन तीनों पुलों के बनने से दर्जनों गांव के लोगों को लाभ होगा।
बता दें कि ग्रामीणों द्वारा इन पुलों को दोबारा से चौड़ा करके बनाने की काफी समय से मांग की जा रही थी। विधायक मनमोहन भडाना ने अपने प्रयासों से इन तीनों पुलों के निर्माण कार्य की राशि मंजूर करवाई और टेंडर लगवा कर सिंचाई विभाग के अधिकारियों व ठेकेदारों को इन पुलों को जल्द बनाने के निर्देश दिये गये।
क्या कहते हैं सिंचाई विभाग के एक्सईएन व एसडीओ
एक्सईएन सुरेश सैनी व एसडीओ सतीश कुमार ने बताया कि करीब 9.60 करोड़ रुपये की लागत से इन तीनों पुलों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें से दो पुल तकरीबन बनकर तैयार है और इन्हें अस्थाई तौर पर छोटे वाहनों के लिए खोल दिया गया है, जबकि तीसरे पुल को भी जल्द ही छोटे वाहनों के लिये खोल देंगे। उन्होंने बताया कि इन पुलों को निर्माण कार्य में विधायक मनमोहन भडाना का विशेष योगदान रहा है।
