Dailyhunt

Spirit Airlines Stop : 34 साल का सफर खत्म. सस्ती हवाई यात्रा को बड़ा झटका, अब उड़ान नहीं भरेगी स्पिरिट एयरलाइंस

Spirit Airlines Stop : अमेरिका की प्रमुख किफायती विमानन सेवा प्रदाता ‘स्पिरिट एयरलाइंस’ ने शनिवार को अपना कारोबार पूरी तरह बंद करने की घोषणा की। अपने अनूठे विज्ञापनों और बेहद सस्ती हवाई दरों के लिए चर्चित इस कंपनी का सफर 34 साल बाद समाप्त हो गया है।

चमकीले पीले रंग के विमानों का संचालन करने वाली इस कंपनी ने बताया कि उसने तत्काल प्रभाव से अपने परिचालन को व्यवस्थित रूप से बंद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस एयरलाइन में लगभग 17,000 कर्मचारी काम करते थे।

एयरलाइन ने अपनी वेबसाइट पर जारी एक बयान में कहा कि उसकी सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं और ग्राहक सेवा भी अब उपलब्ध नहीं है। कंपनी ने कहा, ”हमें पिछले 34 वर्षों के दौरान उद्योग पर अपने ‘अति-निम्न लागत मॉडल’ के प्रभाव पर गर्व है। हमें उम्मीद थी कि हम आने वाले कई वर्षों तक यात्रियों की सेवा करते रहेंगे।” इसने यात्रियों से कहा कि वे धन वापसी की उम्मीद कर सकते हैं, लेकिन दूसरी एयरलाइन में यात्रा की बुकिंग के लिए कोई सहायता नहीं दी जाएगी।

शुक्रवार को सरकार की ओर से कोई वित्तीय पैकेज न मिलने के बाद से ही कंपनी के बंद होने की आशंका जताई जा रही थी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा था कि उनकी सरकार ने इस बजट एयरलाइन को सरकारी धन से बचाने के लिए अंतिम प्रस्ताव दिया था, लेकिन कोई समझौता नहीं हो सका। ईरान युद्ध के कारण विमान ईंधन की कीमतों में भारी उछाल के बीच एयरलाइन दो साल से भी कम समय में दूसरी बार दिवालिया प्रक्रिया से गुजर रही थी। एयरलाइन के वकील मार्शल ह्यूब्नर के अनुसार, इस बंदी से लगभग 17,000 नौकरियों पर असर पड़ सकता है।

स्पिरिट एयरलाइंस कोविड-19 महामारी के बाद से ही बढ़ती परिचालन लागत और कर्ज के कारण वित्तीय संकट से जूझ रही थी। नवंबर 2024 में जब इसने पहली बार ‘चैप्टर 11’ (दिवालिया संरक्षण) के लिए आवेदन किया था, तब तक इसे 2020 की शुरुआत से 2.5 अरब डॉलर से अधिक का घाटा हो चुका था। अगस्त 2025 में कंपनी ने दोबारा दिवालिया संरक्षण के लिए आवेदन किया। अदालती दस्तावेजों के अनुसार, उस समय कंपनी पर 8.1 अरब डॉलर का कर्ज था।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik Tribune Hindi