Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

वेज कबाब की अनूठी रेसिपीज़ का स्वाद लाजवाब

बले चने, सोया, राजमा,पालक, आलू व ब्रेड आदि सामग्री से बनते हैं वेज कबाब के विभिन्न व्यंजन। ऊपर से कम तेल में तले जाना। इनके हेल्दी होने पर तो शक ही नहीं, टेस्ट में भी कुरकुरे व लाजवाब हैं।

इनकी कई रेसिपी हैं जिन्हें चाहे चाय के साथ खाएं या बच्चों को टिफिन में दें।

लोग ऐसा खाना चाहते हैं जो स्वादिष्ट भी हो और शरीर को भरपूर पोषण भी दे। ऐसे में आपके मैन्यू में वेज कबाब एक बेहतरीन विकल्प बन सकता है। दालों, सब्जियों, सोया और चनों से तैयार होने वाले ये कबाब शरीर को प्रोटीन, फाइबर, आयरन, कैल्शियम और कई जरूरी विटामिन प्रदान करते हैं। इन्हें कम तेल में शैलो फ्राई किया जाता है, इसलिए तले-भुने स्नैक्स से अधिक हेल्दी होते हैं। शाम की चाय हो या बच्चों के लिए हेल्दी स्नैक, ये वेज कबाब हर मौके को स्वाद और सेहत से भर देते हैं। जानिये पांच शानदार वेज कबाब रेसिपी के बारे में-
सोया कबाब
यह चाहिए : दो कप सोया चंक्स, दो उबले और मैश किए आलू, एक बारीक कटा प्याज, दो हरी मिर्च, थोड़ा हरा धनिया, एक छोटा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, जीरा पाउडर (तीनों ही आधा छोटा चम्मच), नमक, दो-तीन ब्रेड स्लाइस या ब्रेडक्रम्ब्स और थोड़ा तेल। ऐसे बनाएं : सोया चंक्स को गर्म पानी में आठ-दस मिनट उबालें। जब सोया नरम हो जाए तो उसका पानी निचोड़कर अलग कर दें। अब मिक्सर में सोया चंक्स, हरी मिर्च, थोड़ा प्याज और अदरक-लहसुन पेस्ट डालकर हल्का दरदरा पीस लें। बड़े बाउल में यह मिश्रण निकालें और उसमें मैश किए हुए आलू, बचा हुआ प्याज, हरा धनिया, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, जीरा पाउडर और नमक मिलाएं। मिश्रण को बांधने के लिए ब्रेडक्रम्ब्स डालें और मिक्स करें। अपने मनपसंद आकार के कबाब बनाकर हल्के तेल में धीमी आंच पर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक शैलो फ्राई करें। हरी चटनी के साथ इसका स्वाद लाजवाब लगेगा।
राजमा और आलू से
ये चाहिए : एक कप उबले राजमा, दो उबले आलू, एक बारीक कटा प्याज, दो हरी मिर्च, एक छोटा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट, दो बड़े चम्मच ब्रेडक्रम्ब्स, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, धनिया पाउडर (तीनों ही आधा छोटा चम्मच), हरा धनिया, नमक और तेल। ऐसे बनाएं : उबले हुए राजमा का पानी निकाल लें और हल्का मैश कर लें। अब एक बड़े बर्तन में राजमा और उबले आलू डालकर मिलाएं। इसमें प्याज, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन पेस्ट और हरा धनिया डालें। इसके बाद लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, धनिया पाउडर और नमक मिलाकर मिश्रण तैयार करें। अब ब्रेडक्रम्ब्स डालकर मिश्रण को थोड़ा सख्त करें और गोल या टिक्की के आकार के कबाब बना लें। तवे पर थोड़ा तेल गर्म करें और कबाब को दोनों तरफ से सुनहरा व क्रिस्पी होने तक सेकें।
काले चने के कबाब
ये चाहिए : एक कप रातभर भिगोए और उबाले हुए काले चने, दो उबले आलू, एक बारीक कटा प्याज, दो हरी मिर्च, एक छोटा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट, दो बड़े चम्मच ब्रेडक्रम्ब्स, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, चाट मसाला, जीरा पाउडर (चारों ही आधा छोटा चम्मच), हरा धनिया, नमक और थोड़ा तेल। ऐसे बनाएं : काले चनों को नरम होने तक उबाल लें और उनका अतिरिक्त पानी निकाल दें। अब चनों को हल्का मैश करें। इसमें उबले आलू, प्याज, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन पेस्ट और हरा धनिया डालें। फिर लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, चाट मसाला, जीरा पाउडर और नमक मिलाएं। मिश्रण में ब्रेडक्रम्ब्स डालकर उसे अच्छी तरह बांध लें और कबाब तैयार करें। हल्के तेल में इन्हें दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंकें। हरी चटनी और प्याज के साथ स्वाद शानदार लगता है।
मिक्स वेज से निर्मित
ये चाहिए : एक कप उबले आलू, आधा कप कद्दूकस की हुई गाजर, आधा कप बारीक कटी पत्ता गोभी, चौथाई कप बारीक कटी शिमला मिर्च, चौथाई कप उबले हरे मटर, एक प्याज, दो हरी मिर्च, एक छोटा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट, दो-तीन बड़े चम्मच ब्रेडक्रम्ब्स, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, चाट मसाला, जीरा पाउडर (चारों ही आधा छोटा चम्मच), थोड़ा हरा धनिया, नमक और थोड़ा तेल। ऐसे बनाएं : एक पैन में थोड़ा तेल गरम करें और उसमें प्याज, गाजर, पत्ता गोभी, शिमला मिर्च और मटर डालकर तीन-चार मिनट हल्का भून लें। अब इसमें अदरक-लहसुन पेस्ट और हरी मिर्च डालें। गैस बंद कर मिश्रण को ठंडा होने दें। इसमें मैश किए हुए आलू, लाल मिर्च पाउडर, गर्म मसाला, चाट मसाला, जीरा पाउडर, नमक और हरा धनिया मिलाएं। मिश्रण को बांधने के लिए ब्रेडक्रम्ब्स डालें। इससे कबाब बनाकर हल्के तेल में दोनों तरफ से गोल्डन ब्राउन होने
तक सेंकें।
ओट्स और पालक की रेसिपी
यह चाहिए : एक कप बारीक कटा पालक, आधा कप ओट्स पाउडर, दो उबले आलू, एक बारीक कटा प्याज, दो हरी मिर्च, थोड़ा हरा धनिया, आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर, आधा छोटा चम्मच चाट मसाला, नमक और थोड़ा तेल। ऐसे बनाएं : पालक को अच्छी तरह धोकर बारीक काट लें। हल्का सा भूनकर उसका अतिरिक्त पानी सुखा लें। अब एक बड़े बाउल में पालक, उबले आलू, प्याज, हरी मिर्च और हरा धनिया डालें। इसमें ओट्स पाउडर, काली मिर्च, चाट मसाला और नमक मिलाकर मिश्रण तैयार करें। इस मिश्रण से छोटे-छोटे कबाब बनाएं और शैलो फ्राई करें। जब कबाब दोनों तरफ से सुनहरे और कुरकुरे हो जाएं, तब गर्मागर्म परोसें।
-लेखिका खानपान मामलों की यूट्यूबर हैं।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik Tribune Hindi