Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

Video: संसद के बाहर विपक्ष का अनोखा प्रदर्शन, साधु के वेश में पहुंचे पप्पू यादव; राहुल गांधी ने दानपेटी में चढ़ाया चढ़ावा

संसद के मानसून सत्र के दौरान शुक्रवार को विपक्ष ने राम मंदिर में कथित चढ़ावा गड़बड़ी के मुद्दे पर संसद परिसर के बाहर अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव साधु के वेश में दानपेटी लेकर संसद पहुंचे और सांकेतिक रूप से चंदा जुटाकर अपना विरोध दर्ज कराया।

इस दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी दानपेटी में चढ़ावा डालकर प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

विपक्ष का कहना है कि राम मंदिर में कथित चढ़ावा गड़बड़ी के मामले पर संसद में चर्चा होनी चाहिए। इसी मांग को लेकर पप्पू यादव भगवा वस्त्र धारण कर दानपेटी के साथ संसद परिसर पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान विपक्ष के कई सांसद उनके साथ मौजूद रहे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस अनोखे विरोध प्रदर्शन का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।

इस बीच संसद में पारित हो चुके एंटी पेपर लीक विधेयक के बावजूद विपक्ष और सरकार के बीच टकराव जारी है। विधेयक दोनों सदनों से पारित हो चुका है और अब राष्ट्रपति की मंजूरी का इंतजार है।

उधर, 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान छात्रों के खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर भी विपक्ष का विरोध जारी है। विपक्षी सांसद लगातार दूसरे दिन संसद भवन परिसर में बैनर लेकर प्रदर्शन करते नजर आए।

उन्होंने 'आज अमित शाह संसद से गायब क्यों?' जैसे नारे लिखे बैनर प्रदर्शित किए और गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग दोहराई। विपक्ष का आरोप है कि छात्रों के खिलाफ हुई कार्रवाई के लिए गृह मंत्री जवाबदेह हैं। संसद के भीतर भी इस मुद्दे को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक जारी रहने के आसार हैं।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik Tribune Hindi