बैठक के दौरान विधायक भयाना ने सफाई व्यवस्था, सीवरेज, नालों की सफाई, जल निकासी और कचरा प्रबंधन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को 15 दिन की समय सीमा देते हुए निर्देश दिए कि अगले 15 दिनों में शहर में सुधार धरातल पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। विधायक ने सभी नालों की सफाई सुनिश्चित करने, जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष व्यवस्था करने और वार्डवार सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने कचरा फैलाने वालों पर जुर्माना लगाने और नगर परिषद में सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक सफाई हेल्पलाइन एवं कंट्रोल रूम शुरू करने को कहा।
डीसी राहुल नरवाल ने मानसून को देखते हुए सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने और जलभराव वाले क्षेत्रों में पंप और मशीनरी पहले से उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। वहीं, अतिरिक्त उपायुक्त एवं नगर आयुक्त लक्षित सरीन ने बताया कि शहर को 5 जोन में बांटकर एक नई एजेंसी के माध्यम से विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम जल्द ही दिखाई देंगे।
बैठक के बाद विधायक विनोद भयाना ने बिजली निगम के अधिकारियों को भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन गांवों में ट्रांसफार्मर जले हुए हैं या जीओ स्विच खराब हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर इन्हें बदलकर बिजली आपूर्ति जल्द से जल्द सुचारु की जाए।
