नेता प्रतिपक्ष हुड्डा ने एचटेट में धांधली, मेडिकल-पैरामेडिकल फीस वृद्धि और बढ़ते कर्ज को लेकर सरकार को घेरा
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा सरकार पर शिक्षा, भर्ती, विकास और आर्थिक प्रबंधन को लेकर तीखा हमला बोला।
सोमवार को रोहतक स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विकास के नाम पर घोटाले, जांच के नाम पर लीपापोती, भर्ती के नाम पर पेपर लीक और शिक्षा के नाम पर युवाओं पर आर्थिक बोझ डाल रही है।
हुड्डा ने कहा कि सरकार ने एक अगस्त से पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (यूएचएसआर) में मेडिकल और पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों की फीस में 400 प्रतिशत तक बढ़ोतरी कर दी है। लेट फीस और विभिन्न जुर्मानों में भी भारी इजाफा किया गया है। नेता प्रतिपक्ष ने हाल ही में आयोजित एचटेट परीक्षा में भी गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को गलत प्रश्नपत्र, गलत ओएमआर शीट, अलग-अलग सीरियल नंबर और बिना सील के पेपर तक दिए गए। प्रश्नपत्रों में भाषा संबंधी त्रुटियां भी सामने आई हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, अभ्यर्थियों की शिकायतों की सुनवाई और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही कहा कि प्रदेश में स्वीकृत 1,01,499 शिक्षक पदों में 16,435 पद खाली हैं, लेकिन सरकार भर्ती करने के बजाय परीक्षा प्रबंधन में ही विफल साबित हो रही है।
प्रदेश पर बढ़ते कर्ज को लेकर हुड्डा ने दावा किया कि 2014 तक हरियाणा पर 60-70 हजार करोड़ रुपये का कर्ज था, जो अब बढ़कर 5.50 लाख करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच किसी सिटिंग जज की निगरानी में कराने की मांग की। इस अवसर पर विधायक शकुंतला खटक, सुभाष बत्रा, आनंद दांगी, संत कुमार, चक्रवर्ती शर्मा और बलवान रंगा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
