Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

व्यापारियों को नहीं आने देंगे कोई भी दिक्कत : डिप्टी स्पीकर

रियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने लोक निर्माण विश्राम गृह में व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर शहर के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में डीसी डॉ. वैशाली शर्मा भी उपस्थित रहीं।

डिप्टी स्पीकर डॉ. मिड्ढा ने कहा कि सीएम नायब सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रदेश के प्रत्येक शहर एवं गांव के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार के पास विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधि, व्यापारी और आम नागरिक अपनी समस्याओं एवं विकास संबंधी आवश्यकताओं को लिखित रूप में प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि संबंधित विभागों के माध्यम से उन पर समयबद्ध कार्रवाई करते हुए स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे शहर के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा बाजारों, सड़कों, सीवरेज, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित समस्याओं का विस्तृत विवरण प्रशासन को उपलब्ध कराएं। इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

डिप्टी स्पीकर ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। मजबूत व्यापारिक व्यवस्था से न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बैठक के दौरान व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने शहर के विकास एवं विभिन्न नागरिक सुविधाओं से जुड़े अपने सुझाव और मांगें डिप्टी स्पीकर के समक्ष रखीं।

फायर एनओसी का हो सरलीकरण : महावीर कंप्यूटर

बैठक के बाद व्यापार मंडल जींद के प्रधान महावीर कंप्यूटर ने कहा कि डिप्टी स्पीकर और डीसी के साथ शहर के 35 व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि रानी तालाब के पास अस्थाई पार्किंग बनाई जाए। फायर एनओसी की प्रक्रिया का सरलीकरण किया जाए। शहर में अतिक्रमण रोकने के लिए व्यापारियों और दुकानदारों को तैयार किया जाएगा और सड़कों पर दुकानों के आगे पीले रंग की लक्ष्मण रेखा खींची जाएगी, ताकि अतिक्रमण पर रोक लग सके। महावीर कंप्यूटर ने कहा कि उनका संगठन व्यापारियों और दुकानदारों के हितों की रक्षा के लिए है। बैठक में हरीश अलाहाबादी, सावर गर्ग समेत दूसरे पदाधिकारी मौजूद रहे।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainik Tribune Hindi