दिल्ली में छात्र आंदोलन के बाद प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ दर्ज एफआईआर और कथित कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सरकार पर छात्रों के खिलाफ बदले की भावना से कार्रवाई करने का आरोप लगाया।
खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गृह मंत्री अमित शाह का इस्तीफा लेने की मांग की, जबकि राहुल गांधी ने कहा कि देश के युवाओं की आवाज को धमकाकर दबाया नहीं जा सकता।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सरकार पर विद्यार्थियों के खिलाफ ”बदले की भावना से कार्रवाई” करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अब गृह मंत्री अमित शाह का इस्तीफा ले लेना चाहिए। खड़गे ने 20 जुलाई को दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर किए गए ”बल प्रयोग” का हवाला देते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि 10 दिन पहले सरकार ने युवाओं का ”लाठी-डंडों और पैलेट गन से दमन” किया था।
उन्होंने दावा किया कि जब छात्रों ने अपना आंदोलन वापस ले लिया तो अब उन पर प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है और उन्हें जबरन हिरासत में लिया जा रहा है। खड़गे ने कहा, ”युवाओं ने आंदोलन इस शर्त पर वापस लिया कि उन पर कोई कार्रवाई नहीं होगी, लेकिन अब सरकारें अपनी ही जुबान से पलट गई हैं।” उन्होंने यह भी दावा किया कि युवाओं के सोशल मीडिया खाते बंद कराए जा रहे हैं और बच्चियों की निजी जानकारी सार्वजनिक की जा रही है।
खड़गे ने आरोप लगाया कि गृह मंत्री अमित शाह संसद के सदन में कदम तक नहीं रख सके और जवाबदेही संबंधी वक्तव्य देने से बचते रहे। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अब ”छवि बचाने के हथकंडे नहीं चलेंगे, युवा आपका सच जान चुका है।” उन्होंने प्रधानमंत्री से कहा, ”थोड़ी सी भी शर्म बची है तो अमित शाह का इस्तीफा लीजिए।”
मोदी एवं शाह ‘भारत का अतीत’ हैं, युवाओं से व्यवहार में सावधानी बरतें: राहुल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह पर युवाओं की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को कहा कि वे दोनों ‘भारत का अतीत’ हैं तथा उन्हें ‘भारत के भविष्य’ के साथ अपने व्यवहार को लेकर सावधान रहना चाहिए।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष 20 जुलाई को दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री अमित शाह पर लगातार निशाना साध रहे हैं। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर शुक्रवार को एक पोस्ट साझा करते हुए कहा, ”मोदी जी और अमित शाह जी, आप ‘जनरेशन जेड’ को धमकाकर चुप नहीं करा सकते।”
उन्होंने कहा, ”पहले आपने उनकी हड्डियां तुड़वाईं। अब आप उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर रहे हैं और उनके सोशल मीडिया खाते हटवा रहे हैं।” कांग्रेस नेता ने कहा, ”आप दोनों भारत का अतीत हैं। भारत के भविष्य के साथ आप कैसा व्यवहार करते हैं, इस बारे में सावधान रहिए।”
राहुल गांधी ने बुधवार को कहा था कि दिल्ली में विद्यार्थियों के साथ हुई ”बर्बरता” के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जिम्मेदार हैं और उन्हें पद से बर्खास्त किया जाना चाहिए। उन्होंने यह मांग भी की थी कि मामले की जांच उच्चतम न्यायालय की निगरानी में एक उच्चाधिकार प्राप्त समिति से कराई जाए।
