नेशनल डेस्क: तमिल सिनेमा के बड़े सितारों में गिने जाने वाले विजय थलपति ने सिर्फ 69 फिल्मों में काम करके ही जबरदस्त पहचान बना ली। लोग उन्हें न सिर्फ उनकी एक्टिंग बल्कि उनके स्टाइल और गानों के लिए भी पसंद करते हैं।
अब उन्होंने फिल्मों से आगे बढ़कर राजनीति में कदम रख लिया है।
राजनीति में एंट्री और नई पार्टी
फरवरी 2024 में विजय ने अपनी राजनीतिक पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) की शुरुआत की। इसी के साथ उन्होंने फिल्मों से दूरी बनाकर पूरी तरह राजनीति में सक्रिय होने का ऐलान किया। 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के शुरुआती रुझानों में उनकी पार्टी को अच्छी बढ़त मिलती दिखाई दे रही है। इससे यह साफ है कि जैसे फिल्मों में उन्हें सफलता मिली, वैसे ही राजनीति में भी उनकी पकड़ मजबूत हो रही है।असली नाम और शुरुआती जीवन
विजय का असली नाम जोसेफ विजय चंद्रशेखर है। उनका जन्म 22 जून 1974 को हुआ। उनके पिता एस. ए. चंद्रशेखर एक फिल्म निर्देशक हैं और मां शोभा चंद्रशेखर गायिका हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बाल कलाकार के रूप में की थी। बाद में 18 साल की उम्र में उन्होंने बतौर लीड एक्टर अपनी पहली फिल्म ‘नालाया थीरपू’ साइन की।सुपरस्टार बनने का सफर
विजय ने कई हिट फिल्में दी हैं, जिनमें ‘थेरी’, ‘बीस्ट’, ‘शाहजहां’ और ‘मिनसारा कन्ना’ शामिल हैं। उनकी फिल्म लियो (2023) ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की। उनकी फिल्म ‘जन नायगन’ को उनकी आखिरी फिल्म माना जा रहा था, लेकिन यह रिलीज से पहले ही विवादों में आ गई। ‘जन नायगन’ को सेंसर बोर्ड से मंजूरी मिलने में देरी हुई और मामला कोर्ट तक पहुंच गया। इसके बाद फिल्म ऑनलाइन लीक भी हो गई। यही नहीं, अलग-अलग कारणों से इस फिल्म का विरोध भी हुआ। बता दें इससे पहले विजय की फिल्मों को लेकर विवाद हुआ। थलाइवा (2013) की टैगलाइन को लेकर विवाद हुआ और सरकार (2018) पर सरकारी योजनाओं को गलत दिखाने का आरोप लगा।राजनीति में पहले से सक्रियता
विजय ने 2009 में अपना फैन क्लब ‘विजय मक्कल अय्यकम’ बनाया था। 2011 के चुनाव में इस संगठन ने AIADMK का समर्थन किया।दुखद रैली हादसा
27 सितंबर 2025 को करूर में विजय की रैली के दौरान भगदड़ मच गई, जिसमें 41 लोगों की मौत हो गई। विजय ने इस पर दुख जताया और पीड़ित परिवारों को आर्थिक मदद देने का ऐलान किया। राजनीति में आने के बाद विजय ने कहा कि एम. जी. रामचंद्रन, जे. जयललिता और एम. करुणानिधि उनके आदर्श हैं।निजी जीवन
विजय ने 1999 में संगीता सोरनालिंगम से शादी की। उनके दो बच्चे बेटा जेसन संजय और बेटी दिव्या साशा हैं हालांकि 2025 में उनकी पत्नी ने तलाक की अर्जी दी और 2026 में कुछ निजी आरोप भी लगाए, जिससे यह मामला चर्चा में आ गया।राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता
तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने कभी विजय को अपना करीबी दोस्त बताया था। उन्होंने विजय की फिल्म ‘कुरुवी’ भी प्रोड्यूस की थी, लेकिन अब दोनों राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी बन चुके हैं, क्योंकि विजय की पार्टी ने एम. के. स्टालिन के खिलाफ चुनाव लड़ा।
