यमुनानगर : गत दिवस गांव भूरे का माजरा में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस मामले में नामजद फरार आरोपी अमन उर्फ नोनी को अपराध शाखा दो की टीम ने मुठभेड़ के बाद काबू कर लिया।
यह मुठभेड़ थाना छप्पर क्षेत्र के अंतर्गत कुलपुर फाटक के पास हुई, जिसमें आरोपी घायल हो गया। जब आरोपी को पुलिस पकडने लगी तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। मौके उसकी बाइक व हथियार भी बरामद हुआ है।
वह किसी वारदात को करने के लिये यमुनानगर आ रहा था। आरोपी को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पानीपत के गांव गोयल खुर्द निवासी अमन एक गैंग का सक्रिय सदस्य था। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 5000 रुपये का इनाम घोषित था। इंचार्ज राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी रादौर क्षेत्र में एक और फायरिंग की वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।
इस सूचना के आधार पर पुलिस ने पूरे जिले में सीलिंग प्लान लागू करते हुए नाकाबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। शाहबाद रोड पर कुलपुर के पास पुलिस को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। जब पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ करने की कोशिश की तो उसने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी की ओर से करीब 10 से 15 राउंड फायर किए गए। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही घायल होकर गिर गया।
पुलिस ने भी जवाबी कार्यवाही में फायरिंग की। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत उसे काबू कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक बाइक, एक अवैध हथियार और 22 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल अवस्था में आरोपी को तुरंत सिविल हॉस्पिटल यमुनानगर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मौके पर फोरेसिंग टीम को बुलाया गया, जिसने आकर आस पास से तथ्य जुटाए। बताया जा रहा है कि एक पुलिस कर्मी भी इस फायरिंग में बाल बाल बचा और उसकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली ली और पुलिस गाडी पर भी गोली लगी।
डीएसपी रादौर रजत गुलिया ने बताया कि आरोपी अमन का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह पहले भी कई आपराधिक वारदातों में शामिल रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि इस फायरिंग कांड से जुड़े अन्य आरोपियों और उसके नेटवर्क का भी खुलासा हो सकता है।
