Dailyhunt

हुमायूं कबीर के काफिले पर हमला, शुभेंदु सरकार को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा. बंगाल चुनाव में कई जिलों में हिंसा

नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान कई जगहों पर हिंसा और तनाव की खबरें सामने आई हैं। एक तरफ लोग बड़ी संख्या में वोट डालने पहुंच रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कई जिलों में मारपीट, तोड़फोड़ और गड़बड़ी की घटनाएं भी हुईं।

मुर्शिदाबाद में हमला

मुर्शिदाबाद जिले के नौदा इलाके में AJUP नेता और रेजीनगर से उम्मीदवार हुमायूं कबीर के काफिले पर हमला किया गया। कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी पर ईंट और लाठियों से हमला कर दिया। इस दौरान TMC और AJUP कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई। हुमायूं कबीर ने इस घटना की जांच की मांग की है और पुलिस से उनकी बहस भी हुई।

कूचबिहार में सुरक्षा बलों का एक्शन

कूचबिहार के तूफानगंज में मतदान के दौरान बहुत ज्यादा भीड़ जमा हो गई, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालात बिगड़ते देख केंद्रीय सुरक्षा बलों (CAPF) ने लाठीचार्ज कर भीड़ को हटाया। आरोप है कि कुछ लोग वोटरों को डराने की कोशिश कर रहे थे।

दक्षिण दिनाजपुर में उम्मीदवार पर हमला

कुमारगंज विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी उम्मीदवार शुभेंदु सरकार पर हमला किया गया। उन्हें खबर मिली थी कि एक बूथ पर गड़बड़ी हो रही है। जब वे वहां पहुंचे, तो कुछ लोगों ने उन्हें लाठियों और घूंसों से पीटा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हमला TMC समर्थकों ने पुलिस के सामने किया।

मालदा में हंगामा और अफसर से बदसलूकी

मालदा जिले के मोथाबाड़ी इलाके में एक मतदान केंद्र पर EVM खराब हो गई। इससे नाराज वोटरों ने चुनाव अधिकारी को घेर लिया और उनके साथ धक्का-मुक्की की।

TMC के अंदरूनी विवाद में तोड़फोड़

मालदा के हरिश्चंद्रपुर में TMC के दो गुट आपस में भिड़ गए। मामला इतना बढ़ गया कि एक चुनावी कैंप ऑफिस में तोड़फोड़ कर दी गई। एक स्थानीय नेता ने आरोप लगाया कि मंत्री ताजमुल हुसैन के समर्थक कांग्रेस के पक्ष में काम कर रहे हैं और उन्होंने ही हमला करवाया।

सिलीगुड़ी में TMC और बीजेपी में झड़प

सिलीगुड़ी में एक मतदान केंद्र के बाहर TMC और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच बहस शुरू हुई, जो बाद में धक्का-मुक्की में बदल गई। मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों ने तुरंत स्थिति को संभाला और मतदान फिर से शुरू कराया। बताते चलें कि, पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में मतदान के दौरान हिंसा और तनाव देखने को मिला। हालांकि सुरक्षा बलों की मौजूदगी से कई जगह हालात काबू में कर लिए गए और मतदान जारी रहा।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainiksaveratimes hindi