जालंधर: शहर के कपूरथला रोड पर शनिवार को तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बैठे मजदूरों पर चढ़ गई।
हादसा इतना भीषण था कि कार के एयरबैग तक खुल गए। दुर्घटना में तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार तेज रफ्तार में आ रही थी। अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और कार सड़क किनारे बने गटर व पेड़ से टकरा गई। इस दौरान वहां बैठे मजदूर उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके एयरबैग खुल गए।
हादसे के बाद चालक ने दावा किया कि वह कार सामान्य गति से चला रहा था। उसके अनुसार सड़क पर टूटे हुए गटर या बाहर निकले लोहे के सरिए से टकराने के कारण कार का टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर मजदूरों की ओर चला गया। चालक ने इसे एक आकस्मिक दुर्घटना बताया।
सूचना मिलते ही थाना बस्ती बावा खेल के जांच अधिकारी एएसआई जगतार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। एएसआई जगतार सिंह ने बताया कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।
