नेशनल डेस्कः कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस्तीफे का ऐलान कर दिया है। गुरुवार सुबह बेंगलुरु में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दरमैया के सरकारी आवास पर एक महत्वपूर्ण ब्रेकफास्ट मीटिंग आयोजित की गई।
इस बैठक में उनके कई कैबिनेट सहयोगी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मंत्रियों को अपने इस फैसले की जानकारी दी।
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री दोपहर करीब 3 बजे लोक भवन जाने वाले हैं। वह राज्यपाल ऑफिस को अपना इस्तीफा सौंपेंगे क्योंकि इस समय कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत बेंगलुरु में नहीं हैं। वह इस समय मध्य प्रदेश के इंदौर में हैं। कहा जा रहा है कि उनके कोई रिश्तेदार बीमार हैं, जिसको देखने के लिए वो यहां पहुंचे हैं।
पार्टी आलाकमान के निर्देश के बाद बढ़ी हलचलमुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) से जुड़े सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस आलाकमान ने सिद्दरमैया से राज्य में नेतृत्व परिवर्तन का रास्ता साफ करने को कहा है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने राज्यपाल से मिलने का समय मांगा है।
हालांकि, लोक भवन के सूत्रों ने बताया कि अभी तक राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मुलाकात का आधिकारिक समय तय नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि राज्यपाल निजी कारणों से अपने गृह नगर इंदौर गए हुए हैं।
राहुल गांधी के संदेश के बाद लिया फैसला
राजनीतिक सूत्रों का मानना है कि सिद्दरमैया ने इस्तीफा देने का फैसला इसलिए लिया क्योंकि यह संदेश सीधे कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से आया था। मुख्यमंत्री पहले भी कई बार कह चुके हैं कि अगर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी उनसे पद छोड़ने के लिए कहेंगे, तो वह तुरंत इस्तीफा दे देंगे।
दिल्ली में हुई कई बड़ी बैठकें
मंगलवार को कांग्रेस पार्टी ने मुख्यमंत्री सिद्दरमैया और डीके शिवकुमार को दिल्ली बुलाया था। वहां कांग्रेस मुख्यालय में राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, के.सी. वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला के साथ लगातार बैठकें हुईं। इन बैठकों के बाद से ही कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाएं तेज हो गई थीं।
भावुक दिखे डीके शिवकुमार
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी तस्वीरों में एक भावुक दृश्य भी देखने को मिला। एक तस्वीर में सिद्दरमैया, डीके शिवकुमार को गले लगाते नजर आए। वहीं दूसरी तस्वीर में शिवकुमार, सिद्दरमैया के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लेते दिखाई दिए। इन तस्वीरों के बाद राजनीतिक गलियारों में नए मुख्यमंत्री को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
सिद्दरमैया को राष्ट्रीय भूमिका की पेशकश
सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी ने सिद्दरमैया को राज्यसभा सीट और पार्टी में बड़ी राष्ट्रीय जिम्मेदारी देने की पेशकश की है। लेकिन खबर है कि सिद्दरमैया फिलहाल इस केंद्रीय भूमिका को स्वीकार करने के पक्ष में नहीं हैं।
कांग्रेस ने अटकलों पर क्या कहा?
कर्नाटक कांग्रेस प्रभारी और AICC महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बुधवार को इन अटकलों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अभी तक विधायक दल की कोई बैठक नहीं बुलाई है और न ही नेतृत्व परिवर्तन को लेकर कोई अंतिम फैसला लिया गया है। उन्होंने मीडिया से अपील की कि बिना आधिकारिक जानकारी के किसी तरह की अटकलें न लगाई जाएं।
Punjab : 2027 विधानसभा चुनाव से पहले BJP का बड़ा फैसला, केवल सिंह ढिल्लों बने नये प्रदेश अध्यक्ष
