Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
लुधियाना में नशेड़ी ने खड़ी स्विफ्ट कार को लगाई आग, जलकर हुई राख, CCTV में संदिग्ध कैद

लुधियाना में नशेड़ी ने खड़ी स्विफ्ट कार को लगाई आग, जलकर हुई राख, CCTV में संदिग्ध कैद

पंजाबः लुधियाना शहर में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कई बार वाहनों में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग जाती है, तो कई मामलों में आपसी रंजिश के चलते वाहनों को आग के हवाले कर दिया जाता है, जिससे लोगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।

ताजा मामला थाना कोतवाली के अंतर्गत घंटाघर के पास स्थित भदौड़ हाउस इलाके से सामने आया है। आरोप है कि एक नशे के आदी व्यक्ति ने सड़क किनारे खड़ी एक स्विफ्ट कार को आग लगा दी। हालांकि उसने कार में आग क्यों लगाई, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

पीड़ित कार मालिक ने बताया कि उनका क्रॉकरी का कारोबार है और वे पिछले पांच वर्षों से अपनी स्विफ्ट कार भदौड़ हाउस के पास ही पार्क करते आ रहे हैं। सुबह किसी व्यक्ति ने उन्हें सूचना दी कि उनकी कार में आग लगी हुई है। इसके बाद जब उन्होंने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो उसमें एक संदिग्ध नशेड़ी दिखाई दिया।

कार मालिक के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि संदिग्ध पहले कूड़ा-कचरा इकट्ठा करता है, फिर उसे कार पर रखकर आग लगा देता है। उन्हें आशंका है कि उसी व्यक्ति ने इस वारदात को अंजाम दिया है।

उन्होंने बताया कि उन्होंने करीब 8 लाख रुपये की स्विफ्ट कार खरीदी थी, जो आग में पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। उनका कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, इसके बावजूद उनकी कार को आग लगा दी गई। पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाए और नशेड़ियों व असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य व्यक्ति को इस तरह का नुकसान न उठाना पड़े।

Location: लुधियाना (लुधियाना)

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainiksaveratimes hindi