Rainfall to increase in Haryana-NCR : अंबाला। हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में मानसून की गतिविधियां फिलहाल कुछ कमजोर पड़ी हैं, लेकिन 5 जुलाई से एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञ और राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से आगामी दिनों में मानसून दोबारा सक्रिय होगा।
तापमान अब भी सामान्य से नीचे
उन्होंने बताया कि जुलाई की शुरुआत में हुई झमाझम बारिश के बाद शुक्रवार को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला। दक्षिणी एवं पूर्वी हरियाणा, एनसीआर, दिल्ली, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि उत्तरी जिलों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई। प्रदेश के अन्य हिस्सों में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। दिन और रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई है, लेकिन दोनों अभी भी सामान्य से नीचे बने हैं।
एक-दो दिन हल्की बारिश, तेज होगा मानसून
डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि 3 जुलाई तक हरियाणा के सिरसा जिले को छोड़कर पूरे प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून पहुंच चुका है। अगले चार से पांच दिनों के दौरान हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के शेष क्षेत्रों में भी मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में राजस्थान और हरियाणा के दक्षिणी हिस्सों के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण तथा पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के कारण एक-दो दिन तक केवल हल्की बारिश और बूंदाबांदी की गतिविधियां ही देखने को मिलेंगी। हालांकि, जैसे-जैसे बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र का प्रभाव उत्तर-पश्चिम भारत की ओर बढ़ेगा, वैसे-वैसे 5 से 8 जुलाई के बीच हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली में मानसून फिर से सक्रिय होकर अच्छी बारिश देगा।
सक्रिय मानसूनी ट्रफ लाएगी झमाझम बारिश
मौसम विशेषज्ञ के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र लगातार मजबूत हो रहा है। इससे जुड़े चक्रवाती परिसंचरण और सक्रिय मानसूनी ट्रफ का प्रभाव आगामी दिनों में उत्तर भारत तक पहुंचेगा, जिससे प्रदेश में व्यापक वर्षा की संभावना बनेगी। उन्होंने किसानों और आम नागरिकों को मौसम विभाग की ताजा सलाह पर नजर बनाए रखने की भी अपील की।
