Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
मोगा पुलिस ने एक घंटे में बरामद किए बुजुर्ग के खोए एक लाख रुपये, सीसीटीवी से सुलझाया मामला

मोगा पुलिस ने एक घंटे में बरामद किए बुजुर्ग के खोए एक लाख रुपये, सीसीटीवी से सुलझाया मामला

मोगा: मोगा पुलिस ने तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक बुजुर्ग के खोए हुए एक लाख रुपये महज एक घंटे के भीतर बरामद कर उन्हें वापस लौटा दिया। थाना सिटी-1 के मुख मुंशी दिलराज सिंह, कांस्टेबल राहुल और कांस्टेबल मनप्रीत की टीम ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ीं और बुजुर्ग का पैसों से भरा बैग बरामद कर लिया।

जानकारी के अनुसार, गांव साफूवाला निवासी करीब 70 वर्षीय जंग सिंह मंगलवार दोपहर करीब दो बजे मोगा के सराफा बाजार आए थे। उनका बेटा पुर्तगाल में बीमार है और उसे आर्थिक मदद भेजने के लिए जंग सिंह ने अपनी सोने की अंगूठी गिरवी रखकर एक लाख रुपये जुटाए थे। रकम लेने के बाद वह ऑटो रिक्शा में बैठकर अपने गांव वापस जाने लगे। ऑटो में पहले से दो महिलाएं भी बैठी हुई थीं।

मोगा बस स्टैंड के पास पहुंचने पर जंग सिंह ने देखा कि उनके पास पैसों से भरा बैग नहीं था। उन्होंने आशंका जताई कि बैग रास्ते में कहीं गिर गया होगा। परेशान होकर वह तुरंत थाना सिटी-1 पहुंचे और मुख मुंशी दिलराज सिंह को पूरी घटना की जानकारी दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। अलग-अलग स्थानों की फुटेज को जोड़ते हुए पुलिस ने ऑटो रिक्शा के आने-जाने के रास्ते की जांच की। जांच के दौरान सामने आया कि बैग रास्ते में नहीं गिरा था, बल्कि जिस ऑटो में जंग सिंह सफर कर रहे थे, उसी में छूट गया था।

इसके बाद पुलिस टीम ने ऑटो और उसमें सवार दोनों महिलाओं की तलाश शुरू की। करीब एक घंटे की लगातार मेहनत के बाद पुलिस दोनों महिलाओं तक पहुंच गई और ऑटो से जंग सिंह का पैसों से भरा बैग बरामद कर लिया। पुलिस ने एक लाख रुपये की पूरी रकम जंग सिंह को वापस सौंप दी।

रकम वापस मिलने पर बुजुर्ग ने मोगा पुलिस का आभार जताया। वहीं, पुलिस टीम की तत्परता की भी सराहना हो रही है। खास बात यह रही कि जंग सिंह ने अपने बीमार बेटे को आर्थिक मदद भेजने के लिए अपनी सोने की अंगूठी गिरवी रखकर यह रकम जुटाई थी। ऐसे में समय रहते रकम बरामद कर उसे वापस लौटाना पुलिस की कार्यकुशलता के साथ-साथ मानवीय संवेदनशीलता की भी मिसाल है।

Location: मोगा

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Dainiksaveratimes hindi